राज्यउत्तर प्रदेश

Assault: कार्यालय में घुसकर चालक को पीटा, जेसीबी और कार में तोड़फोड़

Assault: कार्यालय में घुसकर चालक को पीटा, जेसीबी और कार में तोड़फोड़

नोएडा। सेक्टर-85 स्थित एक कार्यालय परिसर में दो कारों से पहुंचे लोगों पर चालक के साथ मारपीट करने और वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-93 स्थित गेझा तिलपताबाद गांव निवासी अभिषेक अवाना ने पुलिस को बताया कि सेक्टर-85 में औषधि पार्क के पास उनका एक भूखंड है, जहां कार्यालय बना हुआ है। परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक और जेसीबी मशीन समेत अन्य वाहन खड़े रहते हैं।

शिकायत के मुताबिक 10 जुलाई की शाम दो कारों, फॉर्च्यूनर और ब्रेजा में सवार होकर कुछ लोग भूखंड पर पहुंचे। वहां मौजूद चालक हरवीर के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। अपनी जान बचाने के लिए हरवीर दीवार फांदकर मौके से भाग गया।

इसके बाद आरोपियों ने परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन और कार में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें वारदात रिकॉर्ड मिली। फुटेज के आधार पर कुछ आरोपियों की पहचान बरौला गांव निवासी लवली बैसोया, सागर भाटी और विक्की नागर के रूप में हुई है। अन्य लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button