Greater Noida: बिजली के जर्जर पोल बदले जाएंगे, पार्कों में लगेंगी हाईमास्ट लाइटें

Greater Noida: बिजली के जर्जर पोल बदले जाएंगे, पार्कों में लगेंगी हाईमास्ट लाइटें
ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टरों में रहने वाले लोगों को जल्द ही बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टरों में नियमित निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है, जिसके तहत अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर स्थानीय निवासियों से संवाद कर रही है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने का आश्वासन दे रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर-2 के ए और बी ब्लॉक का निरीक्षण किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने सभी आवासीय सेक्टरों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को नियमित दौरे करने और प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। सीईओ के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के लिए अलग-अलग विभागों की संयुक्त टीमें गठित की हैं। इन टीमों में परियोजना, स्वास्थ्य, उद्यान, विद्युत अभियांत्रिकी तथा जल एवं सीवर विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
शुक्रवार को प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, प्रभात शंकर, विनोद शर्मा, प्रबंधक स्वतंत्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने सेक्टर-2 का निरीक्षण किया। इस दौरान ए और बी ब्लॉक के निवासियों ने अधिकारियों के सामने कई प्रमुख समस्याएं रखीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सेक्टर के मुख्य गेट और मुख्य मार्ग पर रेहड़ी-पटरी लगाने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने इन अतिक्रमणों को हटाने की मांग की। इसके अलावा पार्कों और ग्रीन बेल्ट के नियमित रखरखाव, नालियों की समय पर सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को दुरुस्त करने और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
निवासियों ने यह भी बताया कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर सड़कें जलभराव की समस्या से जूझती हैं। कई बिजली के पोल जर्जर हो चुके हैं, जिन्हें बदलना जरूरी है। कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे रात में अंधेरा रहता है। इसके अलावा पूरे सेक्टर में नियमित झाड़ू नहीं लगने की शिकायत भी अधिकारियों के सामने रखी गई।
प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जर्जर बिजली के पोल बदलने, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने, पार्कों में हाईमास्ट लाइटें लगाने, जलभराव वाले स्थानों की मरम्मत तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। प्राधिकरण का कहना है कि सेक्टरों में निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





