Noida Crime: बारात समारोह में युवती से अश्लील हरकत, विरोध करने पर परिजनों से मारपीट, युवती घायल

Noida Crime: बारात समारोह में युवती से अश्लील हरकत, विरोध करने पर परिजनों से मारपीट, युवती घायल
नोएडा। थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान युवती के साथ कथित अश्लील हरकत और विरोध करने पर उसके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार छलेरा गांव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छपरौली गांव में आयोजित एक बारात समारोह में शामिल होने गया था। आरोप है कि डीजे पर डांस के दौरान हिमांशु और उसके साथियों ने शराब के नशे में युवती के साथ अश्लील हरकतें कीं और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने धक्का-मुक्की की और युवती के साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की।
पीड़ित परिवार के अनुसार, विवाद शांत होने के बाद जब वे समारोह से बाहर आए तो उनकी कार का टायर पंचर मिला। जब परिवार स्टेपनी बदल रहा था, तभी आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचे और युवती के साथ फिर से अश्लील हरकत करने लगे। युवती के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आरोपियों से बचाया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





