Parking Issue: कोनरवा ने प्राधिकरण सीईओ को लिखा पत्र, आवासीय सेक्टरों में अव्यवस्थित पार्किंग पर उठाए सवाल

Parking Issue: कोनरवा ने प्राधिकरण सीईओ को लिखा पत्र, आवासीय सेक्टरों में अव्यवस्थित पार्किंग पर उठाए सवाल
नोएडा में बढ़ती पार्किंग समस्या को लेकर कोनरवा ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है। संस्था ने शहर के आवासीय सेक्टरों में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को हो रही परेशानियों और आपातकालीन सेवाओं में आ रही बाधाओं का मुद्दा उठाया है। कोनरवा के अध्यक्ष पीएस जैन ने बताया कि नोएडा के लगभग सभी आवासीय सेक्टरों में गलत तरीके से वाहन खड़े किए जाने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर लोग अपने वाहनों को इस तरह पार्क करते हैं कि वाहन का आधा हिस्सा सड़क पर आ जाता है, जिससे सड़कों की चौड़ाई कम हो जाती है और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अव्यवस्थित पार्किंग की यह समस्या केवल यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर खतरा बन सकती है। सड़कों के संकरा हो जाने के कारण कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को सेक्टरों के अंदर पहुंचने में कठिनाई होती है। इससे जरूरत के समय राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं। कोनरवा ने अपने पत्र में कहा कि यदि किसी क्षेत्र में आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति के दौरान दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच पाते हैं तो इससे जान-माल का नुकसान बढ़ सकता है। इसलिए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करना बेहद जरूरी है। संस्था ने नोएडा प्राधिकरण को सुझाव दिया है कि सभी आवासीय सेक्टरों की आंतरिक सड़कों के किनारे स्पष्ट रूप से पीली पट्टी बनाई जाए। इसके बाद वाहन चालकों के लिए यह अनिवार्य किया जाए कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग सीमा के अंदर ही खड़े करें। कोनरवा ने मांग की है कि यदि कोई वाहन चालक पीली पट्टी के बाहर या सड़क पर अतिक्रमण करते हुए वाहन खड़ा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भारी जुर्माना लगाया जाए। इसके साथ ही नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाने की भी मांग की गई है। पीएस जैन ने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था लागू होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने प्राधिकरण से जल्द प्रभावी कदम उठाने की अपील की है ताकि शहरवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।





