भारत

Delhi Water Crisis: मयूर विहार जल बोर्ड कार्यालय पर AAP का प्रदर्शन, विधायक कुलदीप कुमार की पुलिस से नोकझोंक

Delhi Water Crisis: मयूर विहार जल बोर्ड कार्यालय पर AAP का प्रदर्शन, विधायक कुलदीप कुमार की पुलिस से नोकझोंक

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली में बढ़ती पानी की किल्लत को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। शुक्रवार को मयूर विहार स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में Kuldeep Kumar भी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान जल बोर्ड कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और इलाके में बैरिकेडिंग की गई।

प्रदर्शन के दौरान विधायक कुलदीप कुमार और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। आप कार्यकर्ता खाली मटके लेकर जल बोर्ड कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच दिल्ली के कई इलाकों में लोग पानी की भारी समस्या से जूझ रहे हैं।

Kuldeep Kumar ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की जनता पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा ने लोगों से “डबल पानी” देने का वादा किया था, लेकिन अब हालात पहले से ज्यादा खराब हो गए हैं।

उन्होंने कहा, “दिल्ली में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्री कहीं भी दौरा करने नहीं पहुंचे। सरकार सिर्फ दावे कर रही है जबकि जमीनी स्तर पर लोग परेशान हैं।”

विधायक ने दावा किया कि दिल्ली की करीब 40 प्रतिशत आबादी पानी की समस्या से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि मजबूरी में उन्हें अपने समर्थकों और क्षेत्र के लोगों के साथ जल बोर्ड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा ताकि प्रशासन लोगों की समस्या को गंभीरता से ले।

प्रदर्शन के दौरान विधायक ने पुलिस बैरिकेडिंग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है जब किसी विधायक को अधिकारियों से मिलने के लिए पुलिस बैरिकेडिंग का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान कुछ समय के लिए प्रदर्शन स्थल पर तनाव का माहौल भी देखने को मिला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और अनियमित जलापूर्ति के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। कई इलाकों में लोगों को पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

दिल्ली में पानी की समस्या को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। एक तरफ विपक्ष सरकार को घेर रहा है, वहीं दूसरी तरफ आम जनता भी लगातार पानी संकट से राहत की मांग कर रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा दिल्ली की राजनीति में और अधिक गरमा सकता है।

Related Articles

Back to top button