Indira Gandhi Hospital: इंदिरा गांधी अस्पताल में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, यौन उत्पीड़न के खिलाफ सात सदस्यीय समिति गठित

Indira Gandhi Hospital: इंदिरा गांधी अस्पताल में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, यौन उत्पीड़न के खिलाफ सात सदस्यीय समिति गठित
नई दिल्ली, 18 मई : द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल ने महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के मामलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अस्पताल प्रशासन ने पॉश (पीओएसएच) नियमों के तहत नई आंतरिक शिकायत समिति का गठन करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेडिकल डायरेक्टर डॉ नवनीत कुमार गोयल द्वारा जारी ऑफिस ऑर्डर नंबर 350 के अनुसार यह समिति तत्काल प्रभाव से काम करेगी और हर शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नई सात सदस्यीय समिति का उद्देश्य महिला डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त कार्यस्थल उपलब्ध कराना है। समिति की प्रीसाइडिंग ऑफिसर डॉ मणिपद्म राभा को बनाया गया है। इसके अलावा समिति में सुषमा भाटिया, डॉ दिव्या, डॉ ऋषभ भान, सरोज शर्मा और मंजू लता शर्मा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। साथ ही निष्पक्षता और कानूनी मजबूती बनाए रखने के लिए बाहरी सदस्य के रूप में अधिवक्ता बलवान सिंह खर्ब को भी समिति का हिस्सा बनाया गया है।
मेडिकल डायरेक्टर डॉ नवनीत कुमार गोयल ने कहा कि अस्पताल प्रशासन महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या दुर्व्यवहार के मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई समिति शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, मजबूत और प्रभावी बनाएगी, ताकि हर महिला कर्मचारी बिना किसी डर के अपने कार्यस्थल पर काम कर सके।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि सुरक्षित और सकारात्मक कार्य वातावरण बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य के तहत कर्मचारियों को जागरूक करने, शिकायतों के त्वरित समाधान और महिला सुरक्षा से जुड़े नियमों के प्रभावी पालन पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित होगी।





