Greater Noida Road Expansion: सिरसा से खेरली तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण शुरू, जाम से मिलेगी राहत

Greater Noida Road Expansion: सिरसा से खेरली तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण शुरू, जाम से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सिरसा गोलचक्कर से खेरली तिराहा तक की मुख्य सड़क को चौड़ा करने का काम सोमवार से शुरू कर दिया गया है। यह सड़क दनकौर-सिकंद्राबाद मार्ग को जोड़ने वाली अहम कड़ी है, जहां रोजाना भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क चौड़ी होने से लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना का शुभारंभ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने नारियल फोड़कर किया। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल 7.5 मीटर चौड़ी इस सड़क को बढ़ाकर 10.5 मीटर किया जाएगा, जिससे इसमें एक अतिरिक्त लेन जुड़ जाएगी और सड़क तीन लेन की हो जाएगी। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में डिवाइडर भी बनाए जाएंगे, ताकि गलत दिशा में वाहन चलाने पर रोक लगाई जा सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
करीब 7.2 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर सूरजपुर, परीचौक और कासना जैसे प्रमुख इलाकों से होकर ट्रैफिक गुजरता है। यह मार्ग बुलंदशहर, खुर्जा, सिकंद्राबाद, ककोड़ और झाझर जैसे कस्बों के साथ-साथ लगभग 250 गांवों को भी जोड़ता है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस परियोजना पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और इसे डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव और बढ़ेगा, ऐसे में यह चौड़ीकरण परियोजना बेहद जरूरी हो गई थी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह ने बताया कि इस सड़क के चौड़ीकरण से न केवल स्थानीय निवासियों को बल्कि खुर्जा और सिकंद्राबाद की ओर जाने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाली अन्य सड़कों को भी दुरुस्त करने की योजना पर काम किया जा रहा है और कई परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि ट्रैफिक की बढ़ती समस्या को देखते हुए सड़कों के चौड़ीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि शहर में आवागमन सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।




