Delhi Laxmi Nagar Theft: लक्ष्मी नगर में लाखों की चोरी से हड़कंप, बंद घर को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर अपराधियों के बेखौफ होने की तस्वीर सामने आई है। लक्ष्मी नगर इलाके में चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। यह घटना लक्ष्मी नगर थाना क्षेत्र के ए ब्लॉक की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहली मंजिल पर स्थित एक घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 7 लाख रुपये से ज्यादा का सामान लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान में लगभग 5 तोला सोना, चांदी के सिक्के और करीब 1 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। परिवार के सदस्य कुछ समय पहले ही इस मकान में शिफ्ट हुए थे और एक रिश्तेदार के ऑपरेशन के चलते बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस इलाके में यह वारदात हुई वहां बिल्डिंग का मुख्य गेट बंद था और आसपास लोग भी मौजूद थे। इसके बावजूद चोरों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया, घर को बाहर से कुंडी लगाई और आसानी से फरार हो गए।
इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दहशत का माहौल बनता जा रहा है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
लोगों के बीच अब यही सवाल उठ रहा है कि क्या राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं रहा। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस कितनी तेजी से कार्रवाई कर पाती है।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई


