उत्तर प्रदेश : मासूम को डीप फ्रीजर में बंद करने का सनसनीखेज मामला, वीडियो वायरल

Hapur News : हापुड़ जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। धौलाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचरा में एक दुकानदार ने चोरी के शक में करीब छह वर्षीय मासूम बच्चे को डीप फ्रीजर में बंद कर दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने इस दौरान बच्चे को गंदी-गंदी गालियां दीं और पूरी घटना का वीडियो भी खुद ही बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को बच्चा गांव स्थित एक डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान पर पहुंचा था। आरोप है कि दुकान संचालक आजाद, निवासी बझेड़ा कला, ने बच्चे पर सामान उठाने का शक जताते हुए उसे डराने के उद्देश्य से कुछ समय के लिए डीप फ्रीजर में बंद कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि फ्रीजर में बंद बच्चा रो रहा है, लेकिन आरोपी उसकी हालत को नजरअंदाज करते हुए उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है।
31 मार्च 2026 को वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में घटना की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि बच्चे को थोड़े समय के लिए ही फ्रीजर में रखा गया था, फिर भी इस कृत्य को गंभीरता से लिया गया है।
सीओ अनीता चौहान के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बच्चे का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार और गांव के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।





