Noida Airport Traffic Plan: उद्घाटन के लिए रूट प्लान जारी, कई रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 28 मार्च को होने वाले उद्घाटन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक रूट प्लान और डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी है। सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे समेत कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन वाहनों को छोड़कर सभी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए सिरसा गोलचक्कर, डाढा गोलचक्कर और सुपरटेक गोलचक्कर होते हुए नट मढैया गोलचक्कर से होते हुए पुस्ता तिराहा के पास से निर्धारित पार्किंग स्थल (पी-7 और पी-6) में वाहन खड़े कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।
मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले वाहनों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल के बाद विशेष डायवर्जन बनाया गया है। यहां से वाहन जेवर कट से उतरकर सबौता अंडरपास के जरिए किशोरपुर गेट से प्रवेश कर एयरपोर्ट परिसर की पार्किंग (पी-05, पी-9 और पी-11) में पहुंचेंगे। वहीं, हापुड़ और बुलंदशहर की ओर से आने वाले वाहनों को जेवर-खुर्जा मार्ग पर ग्राम थोरा के पास से डायवर्ट कर पारोही गेट से प्रवेश दिया जाएगा, जहां उन्हें पी-14 और पी-13 पार्किंग में वाहन खड़ा करना होगा।
वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे एयरपोर्ट इंटरचेंज मार्ग के जरिए प्रवेश की व्यवस्था की गई है। उनके वाहनों के लिए पी-1, पी-2 और पी-3 पार्किंग निर्धारित की गई है, जहां से शटल सेवा के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा। मीडिया वाहनों के लिए पी-8 और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के लिए पी-10 पार्किंग तय की गई है।
इसके अलावा, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को एक्सपो मार्ट गोलचक्कर से यू-टर्न लेकर एनएसजी गोलचक्कर के रास्ते रन्हैरा पुलिस चौकी के पास अस्थायी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लोग ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।
सुरक्षा के लिहाज से एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले ही एसपीजी ने पूरे क्षेत्र की निगरानी संभाल ली है। वायुसेना के हेलीकॉप्टर द्वारा चयनित हेलीपैड पर लैंडिंग कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का परीक्षण भी किया गया है। बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन भी लागू किए हैं। जेवर-टप्पल मार्ग, खुर्जा-जेवर मार्ग और सिकंद्राबाद-ककोड़ मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ा जाएगा। आगरा से आने वाले वाहनों को जेवर टोल से पहले ही यू-टर्न लेकर वापस भेजा जाएगा, जबकि अन्य जिलों से आने-जाने वाले यातायात को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एनएच-91 के जरिए डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे


