Run for Empowerment Noida: नोएडा स्टेडियम में रन फॉर एम्पॉवरमेन्ट कार्यक्रम आयोजित, प्रतिभागियों को किया सम्मानित

Run for Empowerment Noida: नोएडा स्टेडियम में रन फॉर एम्पॉवरमेन्ट कार्यक्रम आयोजित, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
नोएडा। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत “रन फॉर एम्पॉवरमेन्ट” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 200 छात्राओं और कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की लगभग 150 महिला पुलिस कर्मियों ने दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में हुआ। अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार और पुलिस उपायुक्त महिला एवं बाल सुरक्षा अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना तथा समाज में महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति सकारात्मक संदेश फैलाना रहा। इस दौरान पुलिस विभाग और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्राओं तथा महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पैरा ओलंपिक खिलाड़ी और पद्मश्री सम्मानित दीपा मलिक उपस्थित रही। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए रन फॉर एम्पॉवरमेन्ट की भावना का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। दीपा मलिक ने अपने जीवन संघर्ष और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियां हमें कमजोर बनाने के लिए नहीं, बल्कि मजबूत बनाने के लिए आती हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, मानसिक रूप से मजबूत रहने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा अन्य प्रतिभागी छात्राओं को भी प्रोत्साहन स्वरूप विशेष पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन को अपने लिए प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक बताया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं में सशक्तिकरण, टीम भावना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
इस आयोजन से यह संदेश गया कि युवा पीढ़ी और महिला पुलिसकर्मी मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं और महिलाओं के सशक्तिकरण में योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों और आयोजकों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण और उत्साह के साथ हुआ।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





