Noida Cyber Fraud: टूर बुकिंग के नाम पर 12 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Noida Cyber Fraud: टूर बुकिंग के नाम पर 12 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
नोएडा में टूर एंड ट्रैवल बुकिंग के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह अब तक 12 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर चुका है। उसके पास से 3 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया है, जिनमें कई पीड़ितों का डेटा मिला है।
एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल पर “कंप्लीट टूर एंड ट्रैवल” के नाम से विज्ञापन देता था। वह सिंगापुर, नेपाल, वियतनाम और यूरोप जैसे विदेशी टूर पैकेज का लालच देकर लोगों को आकर्षित करता था। इन पैकेज में रहने, खाने-पीने, घूमने और ट्रांसपोर्ट तक की पूरी सुविधा देने का दावा किया जाता था।
जब कोई ग्राहक संपर्क करता, तो आरोपी बेहद पेशेवर तरीके से पूरी जानकारी देता और विश्वास जीतने के लिए फर्जी टिकट और बुकिंग डिटेल्स भी साझा करता था। इसके बाद वह ग्राहकों से पैकेज कंफर्म कराने के नाम पर अपने बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करवा लेता। पैसे मिलने के बाद वह टिकट कैंसिल कर देता और रिफंड खुद के खाते में ले लेता था, जबकि पीड़ित को इसकी कोई जानकारी नहीं होती थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे नोएडा के आम्रपाली गोल्फ होम्स से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 33 साल बताई जा रही है और वह 12वीं तक शिक्षित है।
पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की भी जांच कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऑनलाइन टूर बुकिंग करते समय किसी भी अनजान वेबसाइट या विज्ञापन पर भरोसा न करें और भुगतान करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।





