Noida Fraud Case: फर्जी बिल बनाकर कंपनी से लाखों रुपये वसूले, केस दर्ज

Noida Fraud Case: फर्जी बिल बनाकर कंपनी से लाखों रुपये वसूले, केस दर्ज
नोएडा में फर्जी बिल बनाकर कंपनी से अधिक रकम वसूलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में Phase 3 Police Station में एक प्रोपराइटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने करीब तीन साल तक कंपनी के साथ धोखाधड़ी कर लाखों रुपये की अतिरिक्त वसूली की।
शिकायत के अनुसार सेक्टर-67 स्थित EV Collection Private Limited के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता सुधीर कुमार माहेश्वरी ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी कपड़ों के निर्माण का काम करती है और तैयार माल को देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों में भेजा जाता है। विदेश में पार्सल भेजने के लिए कंपनी ने National Express Courier नाम की कुरियर कंपनी से संपर्क किया था।
बताया गया कि विदेश में पार्सल भेजने की प्रक्रिया मुंबई स्थित DHL Logistics Private Limited के माध्यम से पूरी की जाती थी। आमतौर पर कुरियर कंपनियां पार्सल के वजन और दूरी के आधार पर बिल तैयार करती हैं और उसी आधार पर भुगतान लिया जाता है।
आरोप है कि नेशनल एक्सप्रेस के मालिक और कर्मचारियों ने मिलकर कंपनी के साथ धोखाधड़ी की। उन्होंने पार्सल का वास्तविक वजन अधिक दिखाकर फर्जी और बढ़े हुए बिल तैयार किए और इन्हीं बिलों के आधार पर कंपनी से अतिरिक्त रकम वसूलते रहे। यह फर्जीवाड़ा करीब तीन साल तक चलता रहा।
कंपनी को जब इस पर शक हुआ तो आंतरिक जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि 1 अप्रैल 2022 से 1 जुलाई 2025 के बीच कंपनी से लाखों रुपये अधिक वसूले गए। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने कुरियर कंपनी के संचालक से इस बारे में बात की, लेकिन आरोप है कि उसने भुगतान करने के लिए दबाव बनाया और धमकी भी दी।
इस मामले में पुलिस ने प्रोपराइटर सुनील कुमार साह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही नामजद आरोपी से पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





