New Agra city: नए आगरा में बोटिंग, वॉकवे और मनोरंजन के आधुनिक केंद्र विकसित होंगे

New Agra city: नए आगरा में बोटिंग, वॉकवे और मनोरंजन के आधुनिक केंद्र विकसित होंगे
नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने नए आगरा शहर को पर्यटन और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना बनाई है। शहर को हरा-भरा और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने के लिए यहां बोटिंग और वॉकवे जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस उद्देश्य के लिए 823.7 हेक्टेयर में ग्रीन रिवर बफर जोन बनाया जाएगा, जहां कई प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूल, दुर्लभ पेड़-पौधे और प्राकृतिक हरी-भरी जगह विकसित की जाएगी।
YEIDA ने पहले ही अपने मास्टर प्लान 2041 में नए आगरा शहर के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की थी, जिसमें कुल 14480 हेक्टेयर क्षेत्र में शहर का विस्तार किया जाएगा। मास्टर प्लान के अनुसार शहर का विकास तीन चरणों में किया जाएगा। नया आगरा न केवल हरा-भरा होगा बल्कि यह कल्याण और मनोरंजन का भी केंद्र बनेगा। यहां वेलनेस टूरिज्म (कल्याण पर्यटन) को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसमें योग, आयुर्वेदिक मसाज, प्राकृतिक उपचार और मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी।
शहर में हस्तशिल्प कारीगरी को भी प्रमुखता दी जाएगी। पर्यटक मिट्टी के बर्तन, लकड़ी पर कारीगरी, कपड़ा रंगाई, बुनाई, पेंटिंग और स्थानीय कला एवं संस्कृति का अनुभव कर सकेंगे। इसके अलावा बायोफिलिक वेलनेस सेंटर भी विकसित किया जाएगा, जो पूरी तरह से प्राकृतिक वातावरण पर आधारित होगा। नए आगरा में लगभग 15 लाख लोगों के काम करने और रहने की व्यवस्था की जाएगी।
मास्टर प्लान 2041 के तहत 100 हेक्टेयर क्षेत्र में गोल्फ कोर्स और 100 हेक्टेयर में खेल गांव विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 40 हेक्टेयर में बायोडायवर्सिटी पार्क, और कुल 460 हेक्टेयर क्षेत्रफल मनोरंजन एवं ग्रीन क्षेत्र के लिए आरक्षित किया जाएगा, जो कुल क्षेत्र का 3.08 प्रतिशत है।
पर्यटन क्षेत्र के लिए 405 हेक्टेयर क्षेत्र में दो जोन विकसित किए जाएंगे। इसमें लक्जरी और बजट होटल, रिसॉर्ट, एग्जीबिशन एवं ट्रेड सेंटर, रिवरफ्रंट, थीम पार्क और वेलनेस सेंटर शामिल होंगे। शहर में शहर स्तरीय दो और जिलास्तरीय चार ग्रीन पार्क बनाए जाएंगे। नया आगरा ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के अंतर्गत आता है, इसलिए यहां कोई औद्योगिक गतिविधि नहीं होगी, ताकि ताजमहल की सुंदरता पर कोई असर न पड़े। आगरा परिक्षेत्र में केवल 20 से कम प्रदूषण स्कोर वाले उद्योगों को ही अनुमति दी जाएगी।
नए आगरा शहर का उद्देश्य न केवल पर्यटन और मनोरंजन को बढ़ावा देना है बल्कि इसे एक सतत और हरित शहर के रूप में विकसित करना भी है। संशोधित मास्टर प्लान को स्कूल ऑफ प्लानिंग बोर्ड के बाद बोर्ड बैठक में रखा गया और आम जनता की आपत्तियों को भी सुना जा रहा है। इसके बाद ही शहर के विकास की प्रक्रिया शुरू होगी। AECO यीडा शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि नया आगरा पर्यटकों और निवासियों दोनों के लिए आकर्षक और सुरक्षित शहर बनेगा।





