AI Compute Hub YEIDA में 25 अरब डॉलर निवेश से बनेगा 1 गीगावॉट हाई-परफॉर्मेंस एआई हब, एएम ग्रुप और इन्वेस्ट यूपी के बीच MoU

AI Compute Hub: YEIDA में 25 अरब डॉलर निवेश से बनेगा 1 गीगावॉट हाई-परफॉर्मेंस एआई हब, एएम ग्रुप और इन्वेस्ट यूपी के बीच MoU
नोएडा। उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए एएम ग्रुप और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी ‘इन्वेस्ट यूपी’ के बीच 1 गीगावॉट (GW) क्षमता वाले हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूट (HPC) और एआई हब की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। करीब 25 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश वाली यह परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में विकसित की जाएगी और इसे भारत के सबसे बड़े एआई कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।
परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। लक्ष्य है कि वर्ष 2028 तक इसका पहला चरण संचालन शुरू कर दिया जाए, जबकि वर्ष 2030 तक पूर्ण 1 गीगावॉट क्षमता हासिल कर ली जाए। इस अत्याधुनिक एआई हब के विकसित होने से उत्तर प्रदेश न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक स्तर पर डिजिटल और तकनीकी निवेश के केंद्र के रूप में उभर सकता है।
YEIDA ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए सेक्टर-28 में 114 एकड़ और सेक्टर-8D में 175 एकड़, कुल 289 एकड़ भूमि के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी कर दिया है। परियोजना का स्थान रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह बेहतर सड़क और हवाई कनेक्टिविटी वाले क्षेत्र में स्थित है। इससे वैश्विक हाइपरस्केलर्स, क्लाउड कंपनियों और प्रमुख टेक फर्मों को आकर्षित करने में सहायता मिलेगी।
प्रस्तावित एआई और HPC हब में लगभग 5 लाख अत्याधुनिक हाई-परफॉर्मेंस चिपसेट्स लगाए जाएंगे, जो बड़े पैमाने पर डेटा प्रोसेसिंग, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग और क्लाउड कंप्यूटिंग की जरूरतों को पूरा करेंगे। यह सुविधा 24×7 कार्बन-फ्री ऊर्जा पर आधारित होगी, जिसमें पवन, सौर और पम्प्ड स्टोरेज तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इससे यह हब एक ग्रीन डेटा सेंटर के रूप में विकसित होगा, जो पर्यावरणीय स्थिरता के वैश्विक मानकों के अनुरूप होगा।
देश में एआई और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की तेजी से बढ़ती मांग को देखते हुए यह हब वैश्विक टेक कंपनियों, अनुसंधान संस्थानों, स्टार्टअप्स और भारत की संप्रभु एआई पहलों के लिए मजबूत आधार प्रदान करेगा। एएमजी एआई लैब्स ‘एआई के लोकतंत्रीकरण’ की अवधारणा पर कार्य कर रही है, जिसके तहत ऑन-डिमांड इलेक्ट्रॉन से लेकर इंटेलिजेंट टोकन तक संपूर्ण वैल्यू चेन विकसित की जाएगी। ऊर्जा, स्वास्थ्य, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, मीडिया, गेमिंग और क्लाउड सेवाओं जैसे क्षेत्रों के लिए अनुकूलित एआई समाधान उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उद्योगों की उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।
यह परियोजना प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) को बड़े पैमाने पर आकर्षित करने के साथ-साथ हजारों उच्च-कुशल रोजगार अवसर भी सृजित करेगी। हार्डवेयर निर्माण, सॉफ्टवेयर विकास, डेटा सेंटर संचालन और विशेषीकृत कूलिंग तकनीकों के लिए एक सशक्त स्थानीय इकोसिस्टम तैयार होने की संभावना है। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और उत्तर प्रदेश डिजिटल नवाचार के केंद्र के रूप में स्थापित हो सकेगा।
एएम ग्रुप, ग्रीनको ग्रुप के संस्थापकों द्वारा समर्थित ऊर्जा संक्रमण और प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म है। ग्रीनको वर्तमान में 20 से अधिक राज्यों में 50 गीगावॉट ऊर्जा अवसंरचना विकसित कर रहा है और 100 GWh क्षमता वाला इंटरकनेक्टेड ऊर्जा भंडारण समाधान तैयार कर रहा है। एएमजी हरित अमोनिया, ग्रीन एल्यूमीनियम, ई-मेथनॉल, ओलेफिन्स, बायोफ्यूल्स और सतत विमानन ईंधन जैसे नेट-जीरो उत्पादों के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इस महत्वाकांक्षी एआई कंप्यूट हब परियोजना के साथ उत्तर प्रदेश ने भारत में डेटा सेंटर, एआई और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में वैश्विक प्रतिस्पर्धा की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। यह पहल राज्य को उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्था में अग्रणी स्थान दिलाने में अहम साबित हो सकती है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





