Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में घर का सपना पूरा करने का मौका, 28 जनवरी को लॉन्च होगी 2BHK फ्लैट योजना

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में घर का सपना पूरा करने का मौका, 28 जनवरी को लॉन्च होगी 2BHK फ्लैट योजना

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए में निर्मित बहुमंजिला इमारत में 2BHK फ्लैटों की नई योजना 28 जनवरी को लॉन्च करने जा रहा है। इस योजना के तहत फिलहाल 90 तैयार फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा, जो पूरी तरह से ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से होगा।

प्राधिकरण द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन फ्लैटों का रिजर्व प्राइस 73.23 लाख रुपये से शुरू होकर 74.35 लाख रुपये तक तय किया गया है। ई-नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाने वाले आवेदकों को फ्लैट का आवंटन किया जाएगा। ये सभी फ्लैट पहले से निर्मित हैं, जिससे आवंटन के बाद जल्द ही कब्जा मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए में पहले भी बहुमंजिला आवासीय फ्लैटों का निर्माण कराया था। इनमें से कई फ्लैटों का आवंटन पहले ही किया जा चुका है, जबकि करीब 350 फ्लैट अभी खाली हैं। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने इन रिक्त फ्लैटों के आवंटन के निर्देश संपत्ति विभाग को दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों का ग्रेटर नोएडा में अपना घर खरीदने का सपना पूरा हो सके।

इसी क्रम में संपत्ति विभाग ने आई ब्लॉक के 90 फ्लैटों की योजना लॉन्च करने की पूरी तैयारी कर ली है। सभी फ्लैटों का कार्पेट एरिया 83.38 वर्ग मीटर और सुपर एरिया 104.70 वर्ग मीटर है। ये फ्लैट ग्राउंड फ्लोर के ऊपर 1 से लेकर 15वीं मंजिल तक उपलब्ध होंगे। फ्लोर के अनुसार इनके रिजर्व प्राइस में थोड़ा अंतर रखा गया है।

इस योजना के तहत पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 फरवरी तय की गई है, जबकि प्रोसेसिंग फीस जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी होगी। आवेदकों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज 23 फरवरी तक जमा करने होंगे। योजना से जुड़ा विस्तृत ब्रोशर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.greaternoidaauthority.in पर उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदन की प्रक्रिया https://gnida.etender.sbi पोर्टल के माध्यम से पूरी की जा सकेगी।

प्राधिकरण ने आवेदकों को भुगतान में भी सुविधा दी है। फ्लैट की कीमत एकमुश्त या किस्तों में जमा करने का विकल्प दिया गया है। एकमुश्त भुगतान करने वाले आवेदकों को प्राथमिकता मिलेगी, जबकि किस्तों में भुगतान का विकल्प चुनने वाले आवेदक दो साल की अवधि में चार किस्तों में भुगतान कर सकेंगे। आवंटन के बाद तय समय सीमा के भीतर लीज डीड की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, जिसके बाद फ्लैट का कब्जा भी दे दिया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए की लोकेशन बेहद बेहतर है और यहां 130 मीटर चौड़ी सड़क से सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जो लोग अब तक ग्रेटर नोएडा में अपना घर नहीं खरीद पाए हैं, उनके लिए यह एक सुनहरा मौका है। फ्लैट पहले से बने हुए हैं, इसलिए आवंटन और लीज डीड की प्रक्रिया पूरी होते ही लोगों को जल्द ही पजेशन मिल जाएगा और किराए के खर्च से राहत मिलेगी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img