Noida Crime: सेंट्रल नोएडा में ‘डबल पैसे’ ठगी गैंग का भंडाफोड़, 6 शातिर गिरफ्तार
रिपोर्ट: अमर सैनी
सेंट्रल नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में पुलिस ने नोट बदलकर डबल पैसे देने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक हाई-टेक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गैंग ने एक परिवार को 16.50 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 5.75 लाख रुपये नकद, दो लग्जरी कारें एमजी हैक्टर और निशान मैगनेट समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की साजिश गौर सिटी मॉल से शुरू हुई थी, जहां आरोपियों ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर नोट बदलने पर दोगुनी रकम देने का लालच दिया। भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों को एक फ्लैट में बुलाया गया, जहां पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से ठगी को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने फ्लैट के अंदर खास तौर पर तैयार किए गए तख्त का इस्तेमाल किया, जिसमें गुप्त छेद बने हुए थे। इसी छेद के जरिए असली और नकली नोटों की अदला-बदली की जाती थी।
गिरोह का तरीका बेहद शातिराना था। आरोपी मशीन से नोट गिनकर पीड़ितों को दिखाते थे, जिससे उन्हें रकम सही होने का भरोसा हो जाए। बैग में ऊपर की तरफ असली नोट रखे जाते थे, जबकि नीचे कागज की गड्डियां छिपाई जाती थीं। जैसे ही पीड़ितों का ध्यान भटकता, असली नोटों की जगह कागज की गड्डियां कर दी जातीं। ठगी की रकम लेने के बाद फ्लैट में मौजूद चार आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की सूचना मिलने पर बिसरख पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय इनपुट के आधार पर गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस गैंग का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और आरोपी इससे पहले दिल्ली और गाजियाबाद में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और उनकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से लोगों को डबल पैसे का लालच देकर ठग रहा था। बिसरख पुलिस की इस सफल कार्रवाई को देखते हुए गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह के लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


