दिल्ली

Shahdara murder case: दिल्ली के शाहदरा में जन्मदिन की तैयारी कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या

Shahdara murder case: दिल्ली के शाहदरा में जन्मदिन की तैयारी कर रहे युवक की गोली मारकर हत्या

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली के शाहदरा जिले में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवक गगन की उसके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना नवीन शाहदरा स्थित शाहदरा थाने के पीछे वी ब्लॉक के पास हुई, जब गगन आधी रात के बाद अपना जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ युवक उससे मिलने आए थे और बातचीत के दौरान अचानक हमलावरों ने उसे गले लगाने के बहाने सिर में गोली मार दी। गोली लगने के तुरंत बाद गगन जमीन पर गिर पड़ा और हमलावरों ने हवा में दो फायर कर मौके से फरार होने में कामयाबी हासिल कर ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि 28 नवंबर 2025 की रात लगभग 11:09 बजे शाहदरा थाने में गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई कि छोटू हलवाई की दुकान के पास एक युवक को गोली मार दी गई है। तत्काल पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। मौके से बरामद साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। घायल गगन को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार गगन के दाहिनी कनपटी पर गोली लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

डीसीपी ने बताया कि वारदात में दो आरोपी शामिल थे, जो मोटरसाइकिल पर आए थे। पुलिस ने एक आरोपी और इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गगन का हाल ही में आरोपियों के साथ झगड़ा हुआ था और कथित रूप से वे समझौते के लिए मिले थे, इसी दौरान यह वारदात हो गई। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है जिनमें पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और परिचित व्यक्ति की संलिप्तता शामिल है।

मृतक गगन के पिता ने बताया कि वह शाम को घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने किसी जानकार से मिलने जा रहा है। परिजन घटना के बाद सदमे में हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। गगन शादीशुदा था और उसका 10 दिन का एक बेटा है। परिवार और स्थानीय लोगों में इस हत्या के बाद गुस्सा और डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

 

Related Articles

Back to top button