उत्तर प्रदेश, नोएडा: सेवानिवृत्त कर्नल से एक करोड़ की ठगी

अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा।साइबर अपराधियों ने सेवानिवृत्त कर्नल को शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर एक करोड़ से अधिक रुपये ठग लिए। जालसाजों ने यूनाइटेड किंगडम में पंजीकृत शेयर ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कराने के नाम पर ठगी की। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा में रहने वाले पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह आर्मी में कर्नल के पद पर थे। सेवानिवृत्त होने के बाद परिवार के साथ रहते हैं। एक मई को उन्होंने फेसबुक पर कुछ वीडियो देखे। उनमें प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री भारतीय नागरिकों को किसी भी ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर निवेश करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे।

दावा किया जा रहा था कि इंट्राडे ट्रेडिंग करने पर रोजाना 500 से दो हजार रुपये तक कमा सकते हैं। उन्होंने यूके में पंजीकृत नामी कंपनी क नाम से मिले ट्रेडिंग फार्म को भर दिया। इसके बाद व्हाट्सऐप कॉल और चेटिंग के जरिये कथित रूप से दिव्यांगना थोरात और कपिल जयकल्याणी से संपर्क होने लगा। उन्होंने आठ मई को सबसे पहले 25 हजार रुपये ट्रांसफर करके पंजीकरण कराकर ट्रेडिंग शुरू कर दी। शुरुआत में उन्होंने न्यूनतम राशि निवेश की। इसके बाद जालसाजों ने आईपीओ में निवेश करने के लिए उकसाया। इसके बाद उन्होंने 32 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जालसाजों से मिले ट्रेडिंग प्लेटफार्म के लिंक पर क्लिक करने पर पता चला कि निवेश करने के बाद रकम बढ़कर चार करोड़ रुपये हो गई है। पीड़ित ने इसकी जानकारी पत्नी को भी दी। उन्होंने जब रुपये निकालने के लिए जालसाजों से कहा तो उन्होंने विभिन्न प्रकार के कर के रूप में 25 लाख रुपये का भुगतान करने के लिए कहा। इस पर पीड़ित ने 20 लाख रुपये का ऋण पेंशन पर लेने के बाद 30 लाख रुपये का अग्रिम कमीशन और कर चुका दिया। इसके बाद भी रुपये नहीं मिले। इसके बाद आरोपियों ने एक करोड़ रुपये जमा करने को कहा। तब धोखाधड़ी का अहसास हुआ। धीरे-धीरे करके जालसाजों ने आठ मई से 15 जुलाई के बीच एक करोड़ चार लाख 15 हजार 987 रुपये ट्रांसफर करा लिए। साइबर अपराध थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित की रकम महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडू, झारखंड आदि राज्यों में खुले बैंक खातों में ट्रांसफर हुई। कुछ रकम इन बैंक खातों में फ्रीज करा दी गई है।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img