Deepika Nagar Case: दीपिका नागर मौत मामले में फरार चचिया ससुर गिरफ्तार, सभी नामजद आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में
Deepika Nagar Case: दीपिका नागर मौत मामले में फरार चचिया ससुर गिरफ्तार, सभी नामजद आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मृतका के चचिया ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जलपुरा गांव निवासी प्रमोद के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित मामले में नामजद सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार कुड़ी खेड़ा गांव निवासी दीपिका नागर का विवाह 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव निवासी रितिक के साथ हुआ था। शादी के कुछ ही समय बाद दीपिका की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने इसे दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे।
मृतका के पिता संजय ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर दीपिका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया। परिजनों का आरोप था कि बाद में उसकी हत्या कर शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने पर बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया था। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में नामजद अन्य आरोपियों को क्रमवार गिरफ्तार कर लिया था, जबकि चचिया ससुर प्रमोद फरार चल रहा था।
पुलिस की लगातार तलाश के बाद आखिरकार प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही मामले में नामजद सभी आरोपी अब जेल पहुंच चुके हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी प्रमोद का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। वर्ष 2018 में थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में दर्ज एक हत्या के मुकदमे में उसका नाम सामने आया था। उस मामले में शिवम वर्मा ने शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि उसका भाई सत्यम गांव निवासी प्रमोद के साथ घर से गया था और बाद में उसका शव जलपुरा पुस्ता के नीचे क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ था। शिकायत में प्रमोद पर हत्या का आरोप लगाया गया था तथा यह भी कहा गया था कि घटना से कुछ दिन पहले उसने मृतक को जान से मारने की धमकी दी थी।
दीपिका नागर मौत मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब सभी साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आरोपपत्र को मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। वहीं मृतका के परिजन मामले में सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।


