UP International Trade Show 2026: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के लिए देशव्यापी प्रचार अभियान शुरू, सितंबर में ग्रेटर नोएडा बनेगा वैश्विक व्यापार का केंद्र
UP International Trade Show 2026: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के लिए देशव्यापी प्रचार अभियान शुरू, सितंबर में ग्रेटर नोएडा बनेगा वैश्विक व्यापार का केंद्र
नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 के चौथे संस्करण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित भव्य रोड शो के साथ देशव्यापी प्रचार अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला उद्योग, निर्यात, निवेश और व्यापारिक अवसरों का बड़ा मंच बनेगा।
रोड शो का मुख्य उद्देश्य देशभर के उद्योगपतियों, निर्यातकों, निवेशकों, खरीदारों, स्टार्टअप्स और व्यापारिक संगठनों को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से जोड़ना तथा उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है। आयोजन के माध्यम से उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, उत्पादों की गुणवत्ता, निवेश संभावनाओं और निर्यात क्षमताओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आज उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, उद्यमशीलता, निर्यात क्षमता और सांस्कृतिक विरासत का प्रभावशाली मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को नई पहचान दिलाने, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) योजना के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने और नए व्यापारिक अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने देशभर के उद्योगपतियों, उद्यमियों और निर्यातकों से बड़ी संख्या में इस आयोजन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस-2026 उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और वैश्विक व्यापारिक संपर्कों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।
एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि देश के विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाने वाले रोड शो के माध्यम से उद्योग जगत से व्यापक संपर्क स्थापित किया जाएगा। इससे अधिक से अधिक कंपनियों और व्यापारिक संस्थाओं को आयोजन से जोड़ा जा सकेगा तथा इस वर्ष का ट्रेड शो पहले की तुलना में और अधिक सफल बनाया जाएगा।
इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि पिछले तीन संस्करणों की अभूतपूर्व सफलता ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को उद्योग जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित मंच बना दिया है। देश-विदेश के उद्योगपतियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों का बढ़ता विश्वास इस आयोजन की सफलता का प्रमाण है।
एफआईईओ (फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन) के अतिरिक्त महानिदेशक सुविध शाह ने कहा कि हर वर्ष विदेशी खरीदारों की बढ़ती भागीदारी उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों की वैश्विक मांग को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
पिछले संस्करण के आंकड़े भी आयोजन की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाते हैं। वर्ष 2025 में आयोजित ट्रेड शो में 5.07 लाख से अधिक आगंतुकों ने हिस्सा लिया था, जबकि 1.40 लाख से अधिक बी-टू-बी विजिटर्स इसमें शामिल हुए थे। इसके अलावा 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भाग लेकर उत्तर प्रदेश के उत्पादों और उद्योगों में गहरी रुचि दिखाई थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 न केवल उत्तर प्रदेश के उद्योगों और उद्यमियों के लिए नए बाजारों के द्वार खोलेगा, बल्कि राज्य को वैश्विक निवेश, निर्यात और व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सितंबर में ग्रेटर नोएडा एक बार फिर दुनिया भर के उद्योगपतियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों का स्वागत करने के लिए तैयार है।




