छात्र की ई-मेल आईडी हैक कर अश्लील मैसेज भेजे

अमर सैनी

नोएडा। सेक्टर-125 क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र को उसकी लॉगइन आईडी से निदेशक को आपत्तिजनक मैसेज भेजने पर निष्कासित कर दिया गया। छात्र ने अपने सहपाठी पर उसकी आईडी से मैसेज भेजने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-126 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऋतिक त्यागी ने सेक्टर-126 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह विश्वविद्यालय में एमसीए का छात्र है। आरोप है कि उसकी कॉलेज लॉगइन आईडी का दुरुपयोग किया गया। इस आईडी से विश्वविद्यालय निदेशक को आपत्तिजनक मैसेज भेजा गया। पुलिस के मुताबिक आपत्तिजनक मैसेज में महिला निदेशक के पहनावे और शरीर को लेकर गलत टिप्पणी की गई थी। इसी आधार पर ऋतिक को विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया। ऋतिक का कहना है कि निदेशक और प्रबंधन उसे पूरी तरह से दोषी मानते हैं और इसी आधार पर कार्रवाई की गई। इसके चलते ऋतिक ने परीक्षा में बैठने का अवसर खो दिया है और उसकी छवि भी खराब हो रही है। रितिक का कहना है कि जब घटना प्रकाश में आई तो निदेशक ने कोई कानूनी कार्रवाई न करने और आंतरिक रूप से स्थिति को सुलझाने पर जोर दिया, लेकिन जब मामला शैक्षणिक भविष्य और चरित्र पर आया तो पुलिस से शिकायत करनी पड़ी। रितिक का आरोप है कि यह सब उसके सहपाठी श्रेयांश सिंह ने किया है। आरोपी इसे पूर्व में हुए झगड़े के चलते रंजिश मानता है। आरोपियों ने आईडी हैक कर या साथ काम करते हुए उसकी निजी जानकारी हासिल की और आपराधिक वारदात को अंजाम दिया। उधर, एडीसीपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मैसेज भेजने वाले डिवाइस का पता लगाने के लिए साइबर सेल जांच कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img