उत्तर प्रदेश : हापुड़ में पुराने हाईवे पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में देर रात पुराने हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार गांव बक्सर निवासी 21 वर्षीय हिमांशु पाल अपनी बाइक से गांव से सिंभावली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पुराने हाईवे पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




