उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में यूपी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी के दौरान शिक्षक की मौत, अटेंडेंस लगाते ही कक्षा में गिरे

Bulandshahr News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में यूपी बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी के दौरान 55 वर्षीय निजी शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह हाईस्कूल की अंग्रेजी परीक्षा के दौरान हुई, जब शिक्षक कक्षा में परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, शहर के गांधी बाल निकेतन विद्यालय में परीक्षा की पहली पारी चल रही थी। शिक्षक सुरेंद्र पाल सिंह की ड्यूटी यहां लगाई गई थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे 10वीं की अंग्रेजी परीक्षा शुरू हुई। परीक्षार्थी अपनी-अपनी सीट पर बैठ चुके थे। सुरेंद्र पाल सिंह अटेंडेंस लगा रहे थे। उन्होंने एक छात्र की उपस्थिति दर्ज की ही थी कि अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई और वह खड़े-खड़े छात्र की सीट के पास गिर पड़े। यह दृश्य देखकर कक्षा में मौजूद छात्र सहम गए।

बच्चों ने तुरंत स्कूल स्टाफ को सूचना दी। साथी शिक्षक उन्हें आनन-फानन में करीब 500 मीटर दूर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार प्रारंभिक लक्षण हार्ट अटैक के प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सुरेंद्र पाल सिंह सुबह ड्यूटी पर बिल्कुल स्वस्थ अवस्था में पहुंचे थे। अचानक घटना होने से शिक्षा विभाग और विद्यालय स्टाफ में शोक की लहर है।

सुरेंद्र पाल सिंह शहर के खवाज्जुर मीरपुर क्षेत्र के निवासी थे और मुंशीलाल करतार सिंह इंटर कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी गांधी बाल निकेतन विद्यालय में लगाई गई थी।

परिवार में उनकी पत्नी अनीता देवी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। बेटा कपिल ग्रेटर नोएडा की एक ऑटोमोबाइल कंपनी में प्रोडक्शन इंजीनियर है। बेटी कीर्ति बीएड की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि छोटा बेटा ध्रुव पॉलिटेक्निक डिप्लोमा का छात्र है। शिक्षक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button