Noida: रैपिडो चालक पर चाकू से हमला कर लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Noida: रैपिडो चालक पर चाकू से हमला कर लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने रैपिडो चालक पर चाकू से हमला कर बाइक और मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को डी-मार्ट के पास से आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजनौर निवासी योगेश कुमार (20), खगड़िया, बिहार निवासी मनीष कुमार (18) और सुल्तानपुर निवासी सुजल तिवारी (20) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक पर्स, 530 रुपये नकद, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद इलाके में छिपे हुए थे और मुखबिर की सूचना पर उन्हें दबोच लिया गया।

घटना 14 फरवरी की रात की है। मेरठ निवासी रैपिडो चालक कुशल, जो वर्तमान में छपरौला गांव में रह रहे हैं, एक सवारी को छोड़ने के लिए निराला सोसायटी गए थे। सवारी छोड़ने के बाद जब वह गैलेक्सी चौराहा से लाल कुआं की ओर लौट रहे थे, तभी जेएम इंटरनेशनल स्कूल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

कुशल ने जब रुकने से मना किया तो बदमाशों ने उनकी बाइक के सामने आकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चाकू दिखाकर नकदी, मोबाइल और बाइक छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने कुशल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनकी बाइक और सामान लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। बिसरख कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार योगेश कुमार वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था, जबकि मनीष कुमार डूब क्षेत्र में और सुजल तिवारी गडौली गुर्जर बस्ती में रह रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि देर रात सुनसान रास्तों से गुजरते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img