उत्तर प्रदेश : नोएडा में औद्योगिक विवाद सुलझा, प्रशासन की मध्यस्थता से श्रमिक-प्रबंधन में बनी सहमति

Noida/Lucknow : नोएडा में उत्पन्न औद्योगिक अशांति का शुक्रवार को शांतिपूर्ण समाधान हो गया। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मध्यस्थता में श्रमिक संगठनों और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन के बीच हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। इस बैठक में रेनबो फैबर्ट, पैरामाउंट फैशन एंड स्टाइल्स, रिचा ग्लोबल, साहू एक्सपोर्ट और अनुभव अपैरल्स सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), उप जिलाधिकारी दादरी तथा पुलिस आयुक्त के निर्देशन में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता कराई गई। बैठक में श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, बोनस भुगतान, महिला श्रमिकों की सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था जैसी प्रमुख मांगें रखीं। प्रबंधन ने श्रमिकों की कई मांगों को स्वीकार करते हुए 11 अप्रैल 2026 से ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से करने, साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित करने तथा रविवार को कार्य कराने पर दोगुना भुगतान देने पर सहमति जताई। साथ ही, 30 नवंबर तक बोनस का भुगतान बैंक खातों में करने, प्रत्येक इकाई में यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति गठित करने और शिकायत पेटी स्थापित करने का निर्णय लिया गया। प्रबंधन ने यह भी आश्वासन दिया कि आंदोलन में शामिल श्रमिक प्रतिनिधियों के खिलाफ कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं की जाएगी। आवश्यक स्थिति में प्रशासन की अनुमति से ही कदम उठाए जाएंगे। अपर श्रम आयुक्त ने श्रमिकों की वेतन वृद्धि की मांग को उच्च स्तर पर उठाने का भरोसा दिया। वहीं, श्रमिक प्रतिनिधियों ने भी शांतिपूर्वक कार्य पर लौटने का आश्वासन दिया। वार्ता के बाद जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है।





