Traffic Surveillance: नोएडा के एलिवेटेड रोड और अंडरपास पर लगेंगे सर्विलांस कैमरे, नियम तोड़ने वालों के कटेंगे चालान
नोएडा। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुरक्षा मजबूत करने के लिए भंगेल एलिवेटेड रोड और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के अंडरपास पर सीसीटीवी और सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए दोनों मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान भी किए जा सकेंगे। इस पूरी परियोजना पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।
नोएडा प्राधिकरण की योजना के मुताबिक, दोनों स्थानों पर लगाए जाने वाले कैमरों को सेक्टर-94 स्थित इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईएसटीएमएस) से जोड़ा जाएगा। इससे एलिवेटेड रोड और अंडरपास की निगरानी एक ही केंद्र से की जा सकेगी। एकीकृत व्यवस्था के माध्यम से यातायात गतिविधियों पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इससे इन मार्गों पर निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद है।
इस कार्य के लिए प्राधिकरण की ओर से कंपनी का चयन किया जाना है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है और आगामी सप्ताह में कंपनी का चयन होने की उम्मीद है। कंपनी के चयन के बाद कैमरे लगाने और उन्हें आईएसटीएमएस से जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद दोनों मार्गों पर यातायात निगरानी की व्यवस्था को एकीकृत रूप से संचालित किया जा सकेगा।
करीब 4.5 किलोमीटर लंबी भंगेल एलिवेटेड रोड का निर्माण लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस एलिवेटेड रोड पर अब लूप बनाने का काम भी शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा आसपास की आबादी तक वाहनों के शोर का असर कम करने के लिए नॉइज बैरियर लगाने की योजना है। इन उपायों के साथ सर्विलांस कैमरे लगने से मार्ग की निगरानी और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


