======TOP Story=======

Agra Swachhta Pakhwada: आगरा में पीएम मोदी के जन्मदिवस पर जनकपुरी में शुरू हुआ स्वच्छता पखवाड़ा

रिपोर्ट: आकाश जैन

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर मिथिला नगरी में स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का नेतृत्व राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने किया। जनक मंच के समीप सांसद नवीन जैन, आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, उमेश कंसल और राम रतन मित्तल सहित प्रमुख पदाधिकारियों ने अपने हाथों में झाड़ू लेकर सफाई की। आयोजन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जनकपुरी में आने वाले राम भक्तों की राह में कहीं भी कूड़ा करकट बाधा न बने। इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों का भी सम्मान किया गया।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमें नरेंद्र मोदी जैसे कर्मठ प्रधानमंत्री मिले हैं, जो केवल तीन घंटे सोते हैं और हमेशा स्वच्छता, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का नंबर वन देश बनाने के लिए स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी को अपनाने का संदेश दिया है और उनका सपना है कि भारत पुनः विश्व गुरु बने। उनकी प्रेरणा से आज सैकड़ों देश योग दिवस मना रहे हैं और स्वच्छता को अपना रहे हैं।
इस अवसर पर सहकोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक, दीपक माहेश्वरी एडवोकेट, राजेंद्र तिवारी, शशांक तिवारी और शैलू गौतम सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

 

 

Janakpuri Mahotsav Agra: जनकपुरी महोत्सव में प्रभु सियाराम के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

रिपोर्ट: आकाश जैन

आगरा में जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत अलौकिक दृश्य देखने को मिला। विवाह के बाद शाम को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन कमला नगर से आकर्षक डोले में विराजमान जगत जननी जानकी और प्रभु राम जब अपने भाइयों सहित अलग-अलग घोड़ों पर नगर भ्रमण करते हुए जनक मंच पहुंचे तो पूरे शहर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व माहौल बन गया। बैंड-बाजों की भजन लहरियों और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालु प्रभु के स्वरूपों को देखकर भावविह्वल हो उठे और इस अलौकिक क्षण को मोबाइल में कैद करते नजर आए।

जनक मंच पहुंचने पर प्रभु राम और माता सीता के स्वरूपों पर ड्रोन से पुष्पवर्षा की गई और आतिशबाजी से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने शंखनाद कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रभु की आरती का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा, जब केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, उनकी धर्मपत्नी मधु बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग, विधायक जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे और नीतेश शिवहरे ने ‘हे राजा राम! तेरी आरती उतारूँ’ की मधुर धुन पर आरती उतारी।

इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रभु राम के आदर्श और चरित्र को जीवन में उतारना हर किसी का कर्तव्य होना चाहिए। मंच पर राजा दशरथ अजय अग्रवाल, रानी कौशल्या श्रीमती कल्पना अग्रवाल, राजा जनक राजेश अग्रवाल और रानी सुनैना श्रीमती अंजू अग्रवाल स्वरूपों में विराजमान रहे।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, रीनेश मित्तल और श्रुति सिन्हा ने किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में उमेश कंसल, राम रतन मित्तल, अनिल अग्रवाल बैंक, नितिन कोहली, गौरव पोद्दार, डीडी सिंघल, सुनील अग्रवाल, केके अग्रवाल, जीवनलाल मित्तल, राकेश मंगल, रामगोपाल गोयल, हरीश अग्रवाल, रंगेश त्यागी, राकेश मित्तल, जितेंद्र तिवारी, शशांक तिवारी, सुभाष वर्मा, मयंक पाठक, गौरव परमार, अनिल अग्रवाल एडवोकेट, नीरज अग्रवाल, हरीश शर्मा गुड्डू, रमाकांत अग्रवाल, मनोज शाक्य सहित महिला समिति की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, संरक्षक मीरा अग्रवाल और प्रियंका अग्रवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Mathura Police Encounter: यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस मुठभेड़, 25,000 का इनामी लुटेरा घायल

मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस और एक 25,000 रुपये के इनामी अंतरराज्यीय लुटेरे के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लुटेरे के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी यमुना एक्सप्रेसवे के तेहरा अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही सुरीर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरा देखकर लुटेरे ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बंटू उर्फ बलराम के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। घायल अपराधी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी नौहझील भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

Yogi Adityanath Speech Mathura: सीएम योगी का मथुरा में संबोधन, बोले- स्वदेशी अपनाएं, देश को मजबूत बनाएं

मथुरा में आज आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विराट युवा सम्मेलन को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देने से भारत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और मजबूत बनेगा। सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि आने वाले त्योहारों जैसे शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी पर विदेशी उत्पादों की बजाय अपने प्रियजनों को स्वदेशी उपहार दें।

 

Hapur: हापुड़ में मनचलों को पुलिस ने सिखाया सबक, हाथ जोड़ककर बोले ‘सभी महिलाएं हमारी बहनें

हापुड़ कोतवाली पुलिस ने छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले तीन मनचलों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सामने आरोपियों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा कि सभी महिलाएं उनकी बहन जैसी हैं, आगे से ऐसी गलती नहीं करेंगे। मामला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक अपनी बहन के साथ बाइक पर हापुड़ के गणेशपुरा मोहल्ले जा रहा था। रास्ते में असौड़ा पैठ के पास चार युवक KTM बाइक और स्कूटी पर सवार होकर आए और छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने चौकी प्रभारी आशीष रस्तोगी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई। टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और तीन मनचलों को दबोच लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान हर्षित, देव उर्फ देवा और दीपांशु के रूप में हुई है। चौथे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने उनके खिलाफ IPC की धारा 354, 323, 504 और 506 में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने कहा कि महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जीरो टॉलरेंस पॉलिसी लागू रहेगी।

=============

 

Delhi: दिल्ली में 502 पालना आंगनवाड़ी सह क्रेच केंद्रों का हुआ डिजिटल उद्घाटन

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता न्यू अशोक नगर स्थित दिल्ली नगर निगम प्राथमिकता विद्यालय पहुंचीं, जहां 502 पालना आंगनवाड़ी सह क्रेच केंद्रों का डिजिटल उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी मौजूद रहीं।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ मिलकर इन क्रेच केंद्रों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा पहल के तहत बनाए गए ये केंद्र कामकाजी महिलाओं के लिए सहायक सिद्ध होंगे और बच्चों को सुरक्षित व पोषणयुक्त माहौल उपलब्ध कराएंगे। साथ ही यहां बच्चों को शिक्षा और पोषण सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सरकार देशभर में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को माताओं और बच्चों के लिए अमूल्य उपहार बताया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर दिल्ली की माताओं को यह विशेष तोहफा दिया गया है। ये 502 केंद्र नन्हे बच्चों की देखभाल और पोषण का आधार बनेंगे और कामकाजी माताओं को रोजगार तथा जिम्मेदारियों को निभाने में सहूलियत देंगे।

सीएम ने यह भी घोषणा की कि आंगनबाड़ी और क्रेच कार्यकर्ताओं को अब “मौसी” के नाम से पुकारा जाएगा, जो मां जैसा स्नेह और देखभाल का प्रतीक होगा। इस अवसर पर केंद्रीय कॉर्पोरेट मामलों एवं सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधायक रविकांत, रवि नेगी, जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का निरीक्षण

रिपोर्ट: अजीत कुमार

ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल ग्रेटर नोएडा पहुंचकर तैयारियों का जायज़ा लेंगे। उनका कार्यक्रम इंडिया एक्सपो सेंटर में निर्धारित किया गया है, जहां वे पूरे आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन 25 सितंबर से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर में किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के लिए विशेष महत्व रखता है और इसमें देश-विदेश के उद्योग, व्यापारी और निवेशक शामिल होंगे।

सूत्रों के अनुसार, 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेड शो का उद्घाटन कर सकते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं जाकर तैयारियों का निरीक्षण करेंगे ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

प्रदेश में यह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो तीसरे चरण में आयोजित किया जा रहा है, और इसे निवेश, व्यापारिक सहयोग तथा प्रदेश की औद्योगिक छवि को और सशक्त करने के लिए अहम कदम माना जा रहा है।

 

Greater Noida Viral Video ग्रेटर नोएडा में थार से स्टंट, वीडियो हुआ वायरल

रिपोर्ट: अमर सैनी

नोएडा और ग्रेटर नोएडा पुलिस लगातार गाड़ियों से स्टंट करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। स्टंटबाजों पर हजारों रुपए के चालान काटे जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भी इनकी हरकतों में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा।

ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से एक नया मामला सामने आया है, जहां एक थार गाड़ी से खतरनाक स्टंट किया गया। गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी और शीशों पर Z ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। चालक ने अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर यह स्टंट किया।

स्टंटबाजी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लगातार सख्ती और चालान काटने के बावजूद स्टंटबाजों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को बड़ा खतरा बना हुआ है।

 

Noida Police: नोएडा पुलिस ने 101 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए

रिपोर्ट: अमर सैनी

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी पहल करते हुए लोगों को राहत पहुंचाई है। सर्विलांस सेल और थाना फेस-2 पुलिस की संयुक्त टीम ने 101 कीमती स्मार्टफोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए।

पुलिस के अनुसार, ये मोबाइल फोन बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, ऑटो, बस, मेट्रो, शादी-ब्याह जैसे आयोजनों और पार्कों में लोगों से छूट गए थे। कई फोन यात्रा के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा या बसों में गिर गए, जबकि कुछ फोन बाइक के ब्रेकर पर उछलकर जेब से निकल गए। कुछ मामले ऐसे भी थे, जब बच्चे खेलते-खेलते फोन छोड़ गए या लोग लापरवाही में सार्वजनिक स्थानों पर भूल आए।

इन सभी गुमशुदा मोबाइल फोनों की रिपोर्ट विभिन्न थानों में दर्ज थी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस कर सभी मोबाइल खोज निकाले और आज औपचारिक रूप से उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए।

इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन, शक्ति मोहन अवस्थी ने बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को ₹25,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस तकनीक की मदद से आगे भी इसी तरह लोगों को उनकी गुमशुदा वस्तुएं लौटाने का प्रयास करती रहेगी।

 

Gangster Neeraj Bawana: दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर नीरज बवाना के पिता को गिरफ्तार कर बरामद किया सोना और हथियार

रिपोर्ट: हेमंत कुमार

दिल्ली आउटर नॉर्थ पुलिस ने आज रात राजधानी और हरियाणा के 39 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना के पिता प्रेम सिंह को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने छापेमारी में 50 लाख रुपये नकद, सवा किलो सोना, बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो, चार कट्टे और कई जिंदा कारतूस बरामद किए। इस कार्रवाई का उद्देश्य संगठित अपराधी गिरोहों की हथियार और फाइनेंसिंग चैन को तोड़ना था।

आउटर नॉर्थ जिले की पुलिस की लगभग 40 टीमों ने तिल्लू ताजपुरिया, नीरज बवाना-राजेश बवाना, जितेंद्र उर्फ गोगी और काला जठेड़ी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान राजधानी में संगठित अपराध पर रोक लगाने और अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए किया गया। छापेमारी के दौरान बरामद नकदी और अवैध हथियारों को सुरक्षित किया गया। इस कार्रवाई के बाद कई एफआईआर दर्ज की गई हैं और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि इस अभियान से अपराधियों के नेटवर्क और उनकी आपराधिक गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

 

—X—

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img