Noida Couple Assault: घर के बाहर शराब पी रहे लोगों को टोकने पर अधिवक्ता दंपति से मारपीट, चार के खिलाफ मुकदमा
नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सोरखा गांव में रहने वाले एक दंपति को घर के बाहर शराब पी रहे लोगों को टोकना भारी पड़ गया। आरोप है कि आरोपियों ने दंपति के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और धमकी देकर मौके से भाग गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सेक्टर-115 स्थित सोरखा गांव में रहने वाली रेखा उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ रहती हैं और पेशे से अधिवक्ता हैं। उनके अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के सतेंद्र और विकास अपने दो साथियों के साथ उनके घर के सामने बैठकर शराब पी रहे थे।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी आपस में एक-दूसरे के साथ अभद्रता कर रहे थे, जिसके कारण काफी शोर हो रहा था। इस पर रेखा के पति शिव कुमार ने उनसे शोर-शराबा न करने और किसी दूसरी जगह जाकर शराब पीने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर चारों नाराज हो गए और शिव कुमार के साथ अभद्रता करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि जब शिव कुमार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति को बचाने के लिए जब रेखा आगे आईं तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। मौके पर भीड़ एकत्रित होने लगी तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए।
इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






पाठकों की राय