Noida Road Accident: बीटा दो और दादरी में अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत, आरोपी ट्रक चालकों पर मुकदमा
नोएडा। बीटा दो और दादरी कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों घटनाओं में परिजनों की शिकायत पर मुकदमे दर्ज किए हैं और मामलों की जांच पड़ताल में जुटी है।
बीटा दो कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, राजवती देवी सेक्टर बीटा वन में अपने परिवार के साथ रहती थीं। पुलिस के अनुसार, बुधवार को वह सेक्टर बीटा वन से बीटा दो की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में राजवती देवी की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में राजवती देवी के बेटे ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस फरार चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
वहीं, दूसरा हादसा दादरी कोतवाली क्षेत्र में हुआ, जिसमें ट्रक चालक देवेंद्र की मौत हो गई। मृतक देवेंद्र मूल रूप से कन्नौज का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, 28 अक्तूबर को देवेंद्र ट्रक लेकर सिकंदराबाद से गाजियाबाद की तरफ जा रहा था।
आरोप है कि दादरी बाईपास पर एक दूसरे ट्रक के चालक ने देवेंद्र के ट्रक को ओवरटेक किया और अचानक उसके सामने लाकर ब्रेक लगा दिए। इससे देवेंद्र का ट्रक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में ट्रक चालक देवेंद्र की मौत हो गई।
अब इस मामले में देवेंद्र के मामा मनोज ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






पाठकों की राय