Noida Share Trading Fraud: शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर बुजुर्ग से 20.26 लाख की ठगी, 23.44 लाख और मांगे
नोएडा में शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 62 वर्षीय व्यक्ति से 20.26 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने पहले ट्रेडिंग के नाम पर पीड़ित को बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाया और एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उनके खाते में लाखों रुपये का मुनाफा दिखाया। जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो अलग-अलग बहाने बनाकर निकासी रोक दी गई। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट सोसाइटी निवासी कौशल धीमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 19 सितंबर 2026 को डेल्टा टेकइन्वेस्ट प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी के संपर्क में आए थे। कंपनी का पता चंडीगढ़ के सेक्टर-18डी में बताया गया और उसे डेल्टा सिक्योरिटीज व सेबी से पंजीकृत बताया गया। इसके बाद कंपनी के कस्टमर केयर विभाग और मुख्य विश्लेषक बताए गए गुल टेकचंदानी से फोन और व्हाट्सऐप पर उनकी बातचीत हुई, जिसमें निवेश पर अच्छे मुनाफे का भरोसा देकर कमाई का 20 प्रतिशत सेवा शुल्क लेने की बात कही गई।
शिकायत के अनुसार शुरुआत में ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर उनके खाते में लगातार मुनाफा दिखाया जाता रहा, जिससे उन्होंने निवेश जारी रखा। लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर कभी खाता फ्रीज होने और कभी उसे दोबारा चालू कराने के लिए अतिरिक्त पैसे जमा करने की बात कही गई। बाद में खाते की क्रेडिट रेटिंग 65 प्रतिशत बताकर निकासी रोक दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स और 20 प्रतिशत सेवा शुल्क भी जमा किया, फिर भी पूरी रकम नहीं निकाल सके। 19 सितंबर से 20 अक्टूबर के बीच वह कुल 20 लाख 26 हजार 399 रुपये जमा कर चुके थे, जबकि उन्हें अब तक केवल 35 हजार रुपये की निकासी मिल सकी।
इसके बाद आरोपियों ने खाते में दिख रही रकम निकलवाने के लिए 23 लाख 44 हजार 329 रुपये अतिरिक्त सेवा शुल्क के रूप में जमा करने की मांग की और सात दिन में भुगतान न करने पर ट्रेडिंग खाते में परेशानी आने का संदेश भेजा। लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर छह नवंबर को मामला दर्ज किया गया है और पुलिस जांच कर रही है।




