Greater Noida Street Lights: दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा की सड़कों और गांवों में जगमगाई रोशनी
दिवाली के त्योहार से पहले ग्रेटर नोएडा में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्राधिकरण की ओर से कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइटें लगाकर रोशन करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 80 मीटर रोड, सेक्टर-12, सेक्टर-2, सेक्टर-3, टेकजोन-4 और पतवाड़ी स्थित श्मशान घाट पर हाईमास्ट व अन्य लाइटें दिवाली से पहले चालू करा दी गई हैं।
प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वर्क सर्कल एक की ओर से बिसरख, ऐमनाबाद, तिलपता, भोला रावल और मिलक लच्छी समेत विभिन्न गांवों में लगभग 1200 स्ट्रीट लाइटों को ऊर्जीकृत कर दिया गया है। गांवों में शेष लाइटों को चालू कराने का काम भी तेजी से चल रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
सूरजपुर से दादरी रेलवे स्टेशन तक नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिल गई है। इस परियोजना पर लगभग चार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसके पूरा होने से इस मार्ग पर रात में सफर करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही सूरजपुर-कासना रोड पर मोजरबियर रोटरी से घंटाघर चौक के बीच आकर्षक डेकोरेटिव लाइटें भी दिवाली के अवसर पर जला दी गई हैं, जिससे प्रमुख मार्ग और चौराहे रोशनी से जगमगा उठे हैं।
एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा के सभी डार्क स्थानों को रोशन करना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है।


