Noida Viral Video: दो पुलिस उपनिरीक्षकों के साथ रैंप वॉक करते दिखे नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अधिकारियों को सोशल मीडिया पर रील बनाने से परहेज करने के निर्देशों के बीच नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ओएसडी इंदु प्रकाश नोएडा पुलिस के दो उपनिरीक्षकों के साथ रैंप वॉक करते हुए नजर आ रहे है।
आरोप है कि यह रील नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर परिसर में शूट की गई है। वीडियो के वायरल होने के बाद इसे लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।आलोचकों का कहना है कि जब मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को रीलबाजी से दूर रहने और जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करने का सख्त संदेश दिया है, तब ऐसे वीडियो बनाना प्रशासनिक गंभीरता के प्रति सवाल खड़ा करता है। इस बात पर चर्चा है कि रील में पुलिस के दो उपनिरीक्षक भी शामिल दिखाए गए हैं।
ओएसडी इंदु प्रकाश रिटायरमेंट के बाद प्रदेश सरकार द्वारा दी गई सेवा विस्तार के दौरान नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत हैं। वे प्राधिकरण के विभिन्न कार्यों की देख-रेख से जुड़े रहे हैं और सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, मेट्रो यात्रियों की सुविधा तथा वाणिज्यिक कियोस्क आवंटन जैसे मामलों में प्राधिकरण की ओर से बयान भी देते रहे हैं।
हालांकि, इस वायरल रील को लेकर अभी तक ओएसडी इंदु प्रकाश, नोएडा प्राधिकरण या पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो किस अवसर पर बनाया गया और क्या उसका कोई सरकारी या सांस्कृतिक कार्यक्रम से संबंध था।
रील पर विपक्षी लोगों का कहना है कि सरकारी दफ्तर जनसुविधा और प्रशासनिक कार्यों का केंद्र होता है, ऐसे में वहां रील शूट करना उचित नहीं माना जा सकता। वहीं कुछ लोग इसे व्यक्तिगत प्रचार या हल्की गतिविधि बताकर इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जाने पर भी सवाल उठा रहे हैं।





