Noida Mission Shakti: नोएडा में मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम
नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) और एनआईईटी ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में हुए आयोजन का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, महिलाओं, उद्यमियों और आम नागरिकों को महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, साइबर अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना था।
एनआईईटी के निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना और जागरूक नागरिक तैयार करना भी है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एडीसीपी (महिला सुरक्षा एवं यातायात) मनीषा सिंह ने महिलाओं और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों की उपयोगिता समझाई। उन्होंने सतर्कता और सही जानकारी को साइबर अपराध से बचाव का महत्वपूर्ण उपाय बताया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने युवाओं को शिक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के आधार पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए युवाओं से लोक सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
आईबीए के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कार्यस्थलों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक माहौल और समान अवसर सुनिश्चित करने को उद्योग जगत की जिम्मेदारी बताया। एनआईईटी की अतिरिक्त प्रबंध निदेशक नीमा अग्रवाल ने शिक्षण संस्थानों में सामाजिक संवेदनशीलता, नैतिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में आईबीए के कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, संयुक्त सचिव वीरेंद्र रावल, कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर, सिमरन खत्री, पूनम माहेश्वरी, रंजना दीक्षित, शन्नी खत्री और आकाश चौहान मौजूद रहे। सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त उद्योग जीपी गोस्वामी, डॉ. चंचल वार्ष्णेय, एनआईईटी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नरेश कुमार, शिक्षक, उद्यमी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल हुए। डॉ. नरेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान, साइबर सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।





