
New Delhi : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में सोमवार को दिल्ली सचिवालय में फ्लाईओवरों के नीचे की खाली जगहों के सौंदर्यीकरण के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित उपेक्षित स्थानों को सुंदर, व्यवस्थित और जन उपयोग के अनुकूल बनाया जाएगा। इस समझौते में लोक निर्माण विभाग ने सीएसआर के अंतर्गत डालमिया भारत लिमिटेड, गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप और इज माय ट्रिप फाउंडेशन के साथ साझेदारी की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए निजी क्षेत्र के साथ मिलकर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवरों के नीचे की खाली पड़ी जगहों को हरियाली, आकर्षक चित्रों, बैठने की सुविधाओं और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे ये स्थान शहर की पहचान बन सकें।
उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल दिल्ली के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देगी बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को भी मजबूत करेगी। यह प्रयास स्वच्छ और सुंदर दिल्ली के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस तरह की योजनाएं विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने में सहायक होंगी।
इस अवसर पर मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवरों के नीचे के स्थानों का विकास शहरी ढांचे को नया रूप देगा और इन क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित तथा उपयोगी बनाएगा।
परियोजना के तहत इज माय ट्रिप फाउंडेशन अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर से यूपी बॉर्डर तक लगभग 800 मीटर और मयूर विहार फेज-1 फ्लाईओवर के नीचे करीब 820 मीटर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करेगी। गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप नेताजी सुभाष पैलेस फ्लाईओवर के नीचे लगभग 570 मीटर क्षेत्र को विकसित करेगा। डालमिया भारत लिमिटेड ओबराय फ्लाईओवर, लोधी फ्लाईओवर और मांगी सेतु हनुमान सेतु के नीचे के क्षेत्रों को सुंदर बनाएगा, जहां विशेष रूप से रामायण पर आधारित भित्ति चित्रों के जरिए सांस्कृतिक प्रस्तुति भी विकसित की जाएगी।
इस पूरी परियोजना के तहत सभी चयनित स्थानों पर हरियाली, दीवारों पर कलात्मक चित्र, बेहतर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और आम लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे ये स्थान आकर्षक और उपयोगी बन सकें।
