नई दिल्ली: न्यूरो संबंधी रोगों की सर्जरी में 30 सर्जनों को बनाया पारंगत 

नई दिल्ली, 5 अक्तूबर: मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी और तंत्रिकाओं से संबंधित रोगों की सटीक पहचान और इलाज में तेजी लाने के लिए 30 भावी न्यूरो सर्जनों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इससे जहां देश को उच्च प्रशिक्षित सर्जन मिल सकेंगे। वहीं, तंत्रिका संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ सर्जनों की सेवाएं आसानी से सुलभ हो सकेंगी।

यह जानकारी राम मनोहर लोहिया अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रो. और न्यूरोलॉजिकल सर्जन सोसायटी ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. शरद पांडेय ने दो दिवसीय मास्टर क्लास के समापन के अवसर पर रविवार को दी। उन्होंने बताया कि मास्टर क्लास में न्यूरो सर्जरी से संबंधित पेशेवर ज्ञान का प्रशिक्षण देने के लिए देशभर के मेडिकल कॉलेजों से 30 छात्रों को चुना गया है। ये सभी एमसीएच और डीएनबी कोर्स के अंतिम वर्ष के छात्र हैं। इस दौरान डॉ. एमके तिवारी और डॉ. आरएस मित्तल के साथ आरएमएल अस्पताल के न्यूरो सर्जरी हेड डॉ. अजय चौधरी, जीबी पंत अस्पताल के न्यूरो हेड डॉ. अनिता जागेटिया, एम्स दिल्ली के न्यूरो सर्जन दीपक गुप्ता और डॉ. श्वेता केडिया ने छात्रों को न्यूरो सर्जरी के गुर सिखाए।

डॉ. पांडेय ने कहा, मेडिकल छात्रों को टू द पॉइंट इन्वेस्टिगेशन के बारे में बताया गया ताकि बिना किसी बड़ी जांच के भी मरीजों के रोगों की पहचान कर सकें और सही समय पर सही इलाज शुरू कर सकें। इसके अलावा छात्रों को ट्रीटमेंट के विभिन्न प्रारूपों -ओपन सर्जरी और एंडो वैस्कुलर सर्जरी की बारीक जानकारी दी गई। साथ ही एमआरआई स्कैन, सीटी स्कैन एंजियोग्राफी के सटीक आकलन करने की तकनीक सिखाई गई। डॉ शरद पांडेय ने बताया कि इस तरह की पाठशाला बीएचयू वाराणसी, केजीएमयू लखनऊ में आयोजित की जा चुकी हैं। अगली पाठशाला नवम्बर माह के दौरान एम्स पटना में आयोजित की जाएगी।

डॉ. अजय चौधरी ने कहा, न्यूरो सर्जन मस्तिष्क ट्यूमर, रीढ़ की हड्डी की चोटें, स्पाइनल स्टेनोसिस, हर्नियेटेड डिस्क, साइटिका, और इंट्राक्रेनियल एन्यूरिज्म जैसी स्थितियों के इलाज के लिए सर्जरी करते हैं, जो मस्तिष्क पर दबाव कम करने, ट्यूमर हटाने और तंत्रिका तंत्र के कार्यों को बहाल करने में मदद करती है। ऐसे में छोटी-छोटी मास्टर क्लास के जरिये देश के अधिकाधिक न्यूरो सर्जन को विशेषज्ञता प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ताकि मरीजों को सटीक और विशेष उपचार आसानी से मिल सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img