Delhi Water Logging: दिल्ली में झमाझम बारिश से पटपड़गंज का NH 24 बना तालाब, जलभराव पर फिर छिड़ी सियासत, AAP ने चलायी नाव

Delhi Water Logging: दिल्ली में झमाझम बारिश से पटपड़गंज का NH 24 बना तालाब, जलभराव पर फिर छिड़ी सियासत, AAP ने चलायी नाव

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली में आज सुबह से हो रही मूसलधार बारिश ने एक बार फिर सरकार के जल निकासी संबंधी दावों की पोल खोल दी। पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH 24) पर भारी जलभराव देखा गया, जहां सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी हुई नजर आईं। इस जलभराव ने न सिर्फ स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ाई, बल्कि कार्यालय और स्कूल जाने वालों को भी घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार और पटपड़गंज से विधायक रविंद्र सिंह नेगी पर तीखा हमला बोला। आप की पूर्व पार्षद और नेत्री गीता रावत खुद नाव लेकर पानी में उतरीं और उसी जलमग्न सड़क पर नाव चलाते हुए भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “यह वही जगह है जहां दो साल पहले रविंद्र सिंह नेगी ने नाव चलाई थी और उस समय आम आदमी पार्टी की सरकार और मनीष सिसोदिया को जिम्मेदार ठहराया था। अब जब नेगी खुद विधायक हैं और केंद्र में भाजपा की सरकार है, तो फिर वही हालात क्यों?”

गीता रावत ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने जनता को गुमराह किया और सिर्फ सिसोदिया को बदनाम करने का काम किया। उन्होंने कहा कि असली समस्या दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के निर्माण में हुई तकनीकी खामियों की है, जिसे अब भाजपा सरकार भी नहीं सुधार पाई है। “अब जब सत्ता में वही लोग हैं, तो क्या जवाब होगा कि फिर से वही पानी सड़कों पर क्यों है?” उन्होंने तीखे स्वर में पूछा।

गीता रावत का जलमग्न NH 24 पर नाव चलाते हुए वीडियो आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “यह नाव सरकारी नहीं है, मगर भाजपा सरकार के योगदान को विशेष नमन।”

स्थानीय निवासियों ने भी नाराजगी जताई और बताया कि यह समस्या हर साल बारिश में सामने आती है, लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान अब तक नहीं निकला। “हर बार जलभराव होता है, ट्रैफिक जाम लगता है, स्कूल की बसें फंसती हैं, लेकिन न तो सरकार सुनती है और न ही कोई कार्रवाई होती है,” एक स्थानीय दुकानदार ने कहा।

उधर, भाजपा और प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यह स्पष्ट है कि जलभराव को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर फिर शुरू हो गया है। बीते वर्षों में जो दृश्य आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान सामने आते थे, वही अब भाजपा के शासनकाल में दोहराए जा रहे हैं, जिससे यह सवाल उठता है कि क्या दिल्ली की सड़कें हर मानसून में इसी तरह जल में डूबी रहेंगी?

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img