Delhi Suspicious Death: गाजीपुर के घरौली गांव में चौथी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Delhi Suspicious Death: गाजीपुर के घरौली गांव में चौथी मंजिल से गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रिपोर्ट: रवि डालमिया

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित घरौली गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 29 वर्षीय मोहम्मद अशरफ पुत्र मोहम्मद आलमगीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है। परिजनों ने युवक को धक्का देकर नीचे फेंके जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 21 मई को थाना गाजीपुर में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉलर ने सूचना दी कि शिव मंदिर चौक, मयूर विहार फेज-3 के पास पार्किंग एरिया में एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहम्मद अशरफ नोएडा में दर्जी का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में बेंगलुरु से वापस लौटा था। पुलिस के अनुसार उसकी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था और पत्नी कुछ समय पहले अपनी बहन के साथ अलग रहने लगी थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था और घटना से एक दिन पहले भी उसने शराब का सेवन किया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें प्रथम दृष्टया अशरफ को इमारत की छत से नीचे गिरते हुए देखा गया है।

हालांकि घटना के समय चौथी मंजिल पर कुछ अन्य लोगों की मौजूदगी की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उन लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असली वजह का पता लगाया जा सके।

वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि अशरफ घटना के समय सो रहा था और उसे जानबूझकर चौथी मंजिल से नीचे धक्का दिया गया। परिजनों ने मामले में हत्या का शक जताते हुए युवक के साथ मौजूद लोगों से सख्ती से पूछताछ करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद क्राइम टीम और एफएसएल विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। दिल्ली Police ने बताया कि मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल

Hot this week

Ghaziabad : इंदिरापुरम में बंगाली समाज का दुर्गा पूजा उत्सव, सातवें वर्ष में प्रवेश

Ghaziabad : इंदिरापुरम बंगाली कल्चरल सोसाइटी की ओर से...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img