Delhi Food Poisoning: पटपड़गंज में मोमोज खाने से बच्चे समेत कई लोग बीमार, एक की हालत गंभीर

Delhi Food Poisoning: पटपड़गंज में मोमोज खाने से बच्चे समेत कई लोग बीमार, एक की हालत गंभीर

रिपोर्ट: रवि डालमिया

पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में आचार्य निकेतन स्थित एक फास्ट फूड दुकान से मोमोज खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चे समेत कई लोग अचानक बीमार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घबराकर बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, प्रभावित लोगों ने आचार्य निकेतन स्थित “आनंद फास्ट फूड” से मोमोज खाए थे। खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों और अन्य लोगों को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी जैसी शिकायतें होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत कुकरेजा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादातर मरीजों की हालत स्थिर है, लेकिन एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए मैक्स अस्पताल रेफर किया गया है। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र की निगम पार्षद रेनू चौधरी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देश पर एमसीडी और पीएचआई विभाग की टीम ने संबंधित दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर मौजूद खाने-पीने की वस्तुओं को जब्त कर नष्ट कर दिया।

निरीक्षण के दौरान दुकानदार मौके से फरार हो गया और बुलाने पर भी वापस नहीं आया। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और आरोपी दुकानदार की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निगम पार्षद ने लोगों से अपील की है कि वे बाहर का खाना खाते समय साफ-सफाई और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, खासकर बच्चों के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतें।

फिलहाल सभी प्रभावितों का इलाज जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

Delhi Murder Case: प्रीत विहार में पार्किंग विवाद बना खूनी झगड़ा, फायरिंग में युवक की मौत

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img