Delhi Firing : अमर कॉलोनी में 17 वर्षीय नाबालिग को सिर में गोली, मामूली विवाद के बाद चली गोली

Delhi Firing News: अमर कॉलोनी में 17 वर्षीय नाबालिग को सिर में गोली, मामूली विवाद के बाद चली गोली

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में मंगलवार शाम फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें 17 वर्षीय एक नाबालिग युवक को सिर में गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले मूलचंद अस्पताल और बाद में हालत नाजुक होने पर एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 7:54 बजे दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि अमर कॉलोनी क्षेत्र के एक भोजनालय में गोलीबारी हुई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, SHO और ACP तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा चुका था।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित अपने कुछ दोस्तों के साथ भोजनालय में खाना खा रहा था। इसी दौरान युवकों का एक समूह वहां से गुजरा और उनमें से एक युवक का हाथ या कुर्सी पीड़ित की कुर्सी से टकरा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी युवक वहां से चले गए थे, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद दोबारा लौट आए। बताया जा रहा है कि करीब 4 से 5 मिनट बाद लौटे आरोपियों में से एक युवक ने अचानक नाबालिग पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दिल्ली पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इस घटना ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में गोलीबारी हुई, वहां से अमर कॉलोनी थाना महज करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद खुलेआम हुई इस फायरिंग की घटना से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल नाबालिग की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img