Greater Noida Theft: डॉक्टर के घर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए बेखौफ चोर

Greater Noida Theft: डॉक्टर के घर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए बेखौफ चोर

रिपोर्ट: अमर सैनी

ग्रेटर नोएडा में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर अल्फा का है, जहां चोरों ने एक डॉक्टर के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की ज्वेलरी और करीब एक लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित डॉक्टर केशव गर्ग किसी जरूरी काम से दनकौर गए हुए थे। उसी दौरान घर खाली पड़ा था। देर रात दो चोर मकान में घुस गए और बेहद आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के कमरों को खंगालते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और करीब एक लाख रुपए नकद चोरी कर लिए।

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दोनों चोर बिना किसी डर के घर के अंदर घूम रहे हैं और सामान तलाश रहे हैं। बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने आराम से पूरे घर की तलाशी ली और फिर चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बीटा-2 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद सेक्टर अल्फा के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण बदमाशों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है और संदिग्धों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img