Delhi Fire: विवेक विहार में रेलवे लाइन किनारे कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, इलाके में फैला काला धुआं

Delhi Fire: विवेक विहार में रेलवे लाइन किनारे कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, इलाके में फैला काला धुआं
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में शुक्रवार शाम रेलवे लाइन के पास कूड़े के ढेर में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में काले धुएं का घना गुबार छा गया। घटना प्रतापखंड के पास रेलवे ट्रैक किनारे की बताई जा रही है, जहां प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील कचरे में अचानक आग भड़क उठी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं का असर आसपास की कॉलोनियों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
आग का असर रेलवे ट्रैक पर चल रही ट्रेनों पर भी देखने को मिला। ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को घने धुएं के कारण काफी दिक्कत हुई। कई यात्रियों ने धुएं से बचने के लिए ट्रेन की खिड़कियां बंद कर लीं और किसी तरह अपना सफर पूरा किया।
फायर अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि शाम करीब 6 बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Delhi Firing: करोल बाग में देर रात ताबड़तोड़ गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल
