BRICS Health Meeting 2026: जन-केंद्रित और भविष्य-उन्मुख स्वास्थ्य प्रणाली पर भारत का फोकस
नई दिल्ली में ब्रिक्स 2026 के तहत पहली हेल्थ वर्किंग ग्रुप बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका समेत नए सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस महत्वपूर्ण बैठक की मेजबानी भारत ने की और वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
भारत की अध्यक्षता में इस वर्ष की थीम ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ तय की गई है। इस थीम के केंद्र में एक ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली विकसित करने का लक्ष्य है, जो आम जनता की जरूरतों पर आधारित हो और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो। बैठक के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल उपचार तक सीमित न रहें, बल्कि रोकथाम, जागरूकता और दीर्घकालिक स्थिरता को भी प्राथमिकता दी जाए।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना, एक-दूसरे से सीखना और साक्ष्य-आधारित नीतियों के जरिए मजबूत और लचीली स्वास्थ्य व्यवस्था का निर्माण करना है। उन्होंने यह भी बताया कि वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।
भारत ने इस मंच पर दो नए प्राथमिक क्षेत्रों का प्रस्ताव रखा, जिनमें ‘हेल्दी लाइफस्टाइल मिशन’ और ‘मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस प्रमोशन’ शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और मानसिक स्वास्थ्य को मुख्यधारा में लाना है। इसके साथ ही टीबी रिसर्च नेटवर्क, डिजिटल हेल्थ, पारंपरिक चिकित्सा और महामारी की पूर्व चेतावनी प्रणाली जैसे मौजूदा एजेंडे को भी जारी रखने पर सहमति बनी।
बैठक में शामिल सभी सदस्य देशों ने भारत की इन पहलों का समर्थन किया और सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, सस्ती दवाओं की उपलब्धता और वैक्सीन सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके अलावा भविष्य की कार्ययोजना और मंत्री-स्तरीय बैठकों के रोडमैप पर भी सहमति बनाई गई, जिससे आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर समन्वय और परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
इस बैठक को वैश्विक स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग और नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, प्रभावी और टिकाऊ बनाने में मदद करेगा।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


