बेकाबू वाहन से कुचलकर सास और दामाद की मौत

अमर सैनी

नोएडा। सेक्टर-93 के सामने एक्सप्रेसवे पर उतरने वाले कट के पास तेज रफ्तार वाहन के चालक ने बाइक सवार महिला और उसके दामाद को टक्कर मार दी। हादसे में दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सास ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक भाग गया। परिजनों ने इस मामले में फेज-2 थाने में केस दर्ज कराया है।
सेक्टर-5 स्थित जेजे कॉलोनी निवासी जितेंद्र ने बताया कि उसकी चाची राजवती 16 मार्च को बाइक से नोएडा से ग्रेटर नोएडा जा रही थीं। बाइक को उनका दामाद धीरज सिंह निवासी गांव गाढ़ा चला रहा था। जैसे ही वे सेक्टर-93 के सामने एक्सप्रेसवे पर उतरने वाले कट के पास पहुंचे तो तभी पीछे से आ रही गाड़ी के चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में धीरज सिंह और राजवती घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां धीरज सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजवती का इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। जितेंद्र का कहना है कि जब वह चाची से मिले तो उन्होंने बताया कि पीछे से नीले रंग की गाड़ी आ रही थी, जिसने उनकी बाइक में टक्कर मार थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाए आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल महिला का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था। धीरज सफाईकर्मी थे, जबकि उसकी सास रेलवे से रिटायर्ड थीं। धीरज के एक बेटी और दो बेटे हैं। तीनों की अभी तक शादी नहीं हुई है। वहीं, राजवती के एक बेटा और एक बेटी है। दोनों की शादी हो चुकी है। हादसा दोपहर तीन बजे के करीब हुआ था। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था और घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी गई थी। थाना प्रभारी ने बताया आरोपी चालक और वाहन की तलाश में पुलिस की एक टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। महिला का दिल्ली के गाजीपुर और उसके दामाद का कासना थानाक्षेत्र के गाढ़ा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Hot this week

Bihar : रामकृष्णानगर में अपराधियों ने युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

Patna (मृत्युंजय) : राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव...

Topics

Bihar : रामकृष्णानगर में अपराधियों ने युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

Patna (मृत्युंजय) : राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img