Greater Noida Baraat Ghar: सूथियाना, म्यू-1, म्यू-2 और ओमीक्रॉन-2 में बनेंगे चार नए बारात घर, शादी-समारोह के लिए मिलेगी बड़ी राहत
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के चार क्षेत्रों के निवासियों को जल्द ही शादी समारोह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए बारात घरों की सुविधा मिलने जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम सूथियाना, सेक्टर म्यू-1, म्यू-2 और ओमीक्रॉन-2 में चार नए बारात घरों के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इन सामुदायिक केंद्रों के बनने से स्थानीय निवासियों को महंगे मैरिज हॉल बुक कराने और आयोजनों के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
प्राधिकरण ने यह निर्णय निवासियों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर लिया है। आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों के साथ हुई बैठकों में इन क्षेत्रों में बारात घर बनाने की मांग उठाई गई थी। स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और दादरी विधायक तेजपाल नागर ने भी इन क्षेत्रों में बारात घरों के निर्माण की प्रभावी पैरवी की थी। इसके बाद प्राधिकरण ने चारों स्थानों पर बारात घर बनाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इनमें से सूथियाना में बनने वाला बारात घर 590 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा, जिसके निर्माण पर करीब 2.92 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस बारात घर में पार्टी हॉल, लॉबी, किचन, टॉयलेट और इंडोर गेम्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था होगी। परियोजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण के लिए निविदा जारी की जाएगी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे पूरा होने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा।
इसी तरह म्यू-1 के बारात घर के निर्माण पर 9.39 करोड़ रुपये, म्यू-2 के निर्माण पर 9.40 करोड़ रुपये और ओमीक्रॉन-2 के निर्माण पर 10.10 करोड़ रुपये खर्च होने का आकलन है। इस तरह इन तीनों बारात घरों के निर्माण पर कुल मिलाकर लगभग 29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन तीनों बारात घरों में से प्रत्येक का क्षेत्रफल लगभग 4800 से 5000 वर्ग मीटर होगा।
ये सामुदायिक केंद्र दो मंजिला होंगे। इनमें सामाजिक कार्यक्रमों, समारोहों और आयोजनों के लिए एक पार्टी हॉल और रसोई घर का निर्माण किया जाएगा। अध्ययन और पठन-पाठन के लिए यहां एक आधुनिक लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही पुरुषों एवं महिलाओं के लिए आधुनिक और स्वच्छ शौचालय परिसर बनाए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण गांवों और सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रहा है। अधिकांश गांवों और सेक्टरों में बारात घर बन चुके हैं या उनके निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को इन सामुदायिक केंद्रों का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थानीय निवासियों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।






पाठकों की राय