Greater Noida Street Lights: 64 गांवों के विकसित आबादी क्षेत्र और 130 मीटर रोड के बस-वे पर लगेंगी एलईडी स्ट्रीट लाइटें
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के गांवों और प्रमुख मार्गों को रोशन करने के लिए प्राधिकरण ने बड़ी योजना तैयार की है। इसके तहत 64 गांवों के नवविकसित हिस्सों, नई बनी सड़कों और अंधेरे वाले स्थानों (डार्क पैचेज) पर एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक प्रस्तावित बस-वे पर भी आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीईओ ने इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव के मुताबिक, 64 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5.18 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इनमें घंघोला, दलेलगढ़, बागपुर, लडपुरा, रामपुर माजरा, पचायतन, गिरधरपुर आजमपुर, कनारसी, तालड़ा, झालड़ा, रोशनपुर, जुनैदपुर, सिरसा, नटों की मढ़ैया, कासना, बूढ़ा, घरबरा, मुर्शिदपुर, चुहरपुर खादर, बरसात, खानपुर, इमलियाका, लुक्सर, पीपलका, नियाना, सलेमपुर गुर्जर, हतेवा, नवादा, दादूपुर, चचुला, रिठौरी, रामपुर फतेहपुर, डाबरा, डाढ़ा, रायपुर बांगर, अजायबपुर, मायचा, बिरौंडी, मथुरापुर, क्यामपुर, ऐच्छर, बिरौंडा, बल्ला की मढ़ैया, कासना अटाई मुरादपुर, ननुआ का राजपुर, समसपुर, तिलवाड़ा, कुलीपुरा, देवटा, ईसेपुर, जानीपुरा, बुलंद खेड़ा, रौनी, अस्तौली, पौव्वारी, अमरपुर, चीरसी, पचायतन का खेड़ा, खेरली हाफीजपुर, पतलाखेड़ा, मंडी श्याम नगर और भीमसेन की मढ़ैया आदि गांव शामिल हैं।
इन गांवों में विकसित 6, 4 और 10 प्रतिशत आबादी क्षेत्र की सड़कों पर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इन स्थानों पर 30 से 40 वाट की एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन कार्यों के लिए जल्द टेंडर निकालने की तैयारी की जा रही है। स्ट्रीट लाइटें लगने से इन गांवों में आबादी भूखंड पाने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और वे अपने भूखंडों पर आवास बनाकर रह सकेंगे।
किसानों और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में यह मांग उठाई गई थी। प्राधिकरण ने अब इस मांग को मूर्त रूप देने की तैयारी कर ली है।
वहीं, दूसरी परियोजना के तहत 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक बस-वे के किनारे स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस कार्य पर 4.70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह सड़क ग्रेटर नोएडा के विभिन्न औद्योगिक, आवासीय और संस्थागत सेक्टरों को जोड़ने के साथ नोएडा एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यातायात के लिए भी महत्वपूर्ण है। बढ़ते यातायात को देखते हुए यहां बस-वे का निर्माण कराया जा रहा है। इस मार्ग पर 8, 9, 10 और 12 मीटर ऊंचाई वाले पोल पर एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य गांवों और प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि रात में आवागमन सुरक्षित हो सके और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






पाठकों की राय