Noida Traffic Jam: त्योहारों से पहले नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे से चिल्ला बॉर्डर तक कई जगह जाम, सेक्टर-18 और अट्टा बाजार रोड पर ऑटो-ई-रिक्शा पर रोक
नोएडा। त्योहार नजदीक आते ही शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने लगा है। गुरुवार को शहर में कई जगह जाम की समस्या रही। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे से लेकर चिल्ला बॉर्डर समेत कई स्थानों पर सुबह और शाम के समय लोग जाम में फंसे रहे।
गुरुवार को सबसे ज्यादा जाम नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-128 के सामने से लेकर चिल्ला बॉर्डर तक रहा। यहां दोनों तरफ सुबह और शाम के समय लोग लंबे जाम में फंसे रहे और वाहन काफी धीमी गति से चलते नजर आए। करीब छह किलोमीटर के इस हिस्से को पार करने में लोगों को एक घंटे तक का समय लग गया।
इसके अलावा सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर और छिजारसी से बहलोलपुर की ओर आने वाले पुश्ता रास्ते पर भी जाम की समस्या रही। छिजारसी के सामने सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और टूटी सड़क के कारण जाम लगा। इस सड़क के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग ने टेंडर तो जारी कर दिया है, लेकिन काम शुरू होने में दो-तीन महीने का समय लगेगा। फिलहाल इस सड़क पर काफी गड्ढे हैं। सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-60 अंडरपास तक भी दोनों तरफ वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन से हनुमान मूर्ति और फिर हाजीपुर अंडरपास की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों का भारी दबाव रहा। सेक्टर-51, 50 और 76 मेट्रो स्टेशन के अलावा हाजीपुर अंडरपास पर लोग एक किलोमीटर से भी अधिक लंबे जाम में फंसे रहे। सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-1 गोलचक्कर तक और फिल्म सिटी फ्लाईओवर से लेकर सेक्टर-18 अंडरपास तक भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
इस बारे में डीसीपी यातायात सैय्यद अली अब्बास ने माना कि कुछ सड़कों पर वाहनों का दबाव अधिक होने से यातायात प्रभावित रहा। उन्होंने बताया कि सभी जाम वाले स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मी सुबह से ही तैनात थे और कहीं भी लंबा जाम नहीं लगा।
धनतेरस, दीवाली और फिर भैया दूज पर वाहनों का दबाव और बढ़ने की संभावना को देखते हुए आज से मुख्य बाजारों के सामने वाली सड़कों पर ई-रिक्शा, ऑटो समेत अन्य मालवाहक वाहनों के रास्तों में बदलाव किया जाएगा। यह बदलाव एक सप्ताह तक लागू रहेगा, ताकि अन्य वाहन आसानी से निकल सकें। इसके तहत सेक्टर-18 और अट्टा बाजार के बीच वाली सड़क पर ई-रिक्शा, ऑटो और मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इस रास्ते से होकर सेक्टर-37 और सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन की तरफ आने वाले वाहन सेक्टर-28, एलिवेटेड रोड के नीचे से यू-टर्न लेकर और जीआईपी मॉल के सामने से फिल्म सिटी फ्लाईओवर के नीचे से होकर आ-जा सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-29 ब्रह्मपुत्र, सेक्टर-75, एक मूर्ति गोलचक्कर, कासना और दादरी बाजार के आसपास भी जरूरत पड़ने पर वाहनों के रास्तों में बदलाव किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने मुख्य बाजारों के आसपास सड़कों पर वाहन खड़े न हों, इसके लिए नो पार्किंग क्षेत्र भी बना दिए हैं। इन स्थानों पर वाहन खड़े करने पर उन्हें तुरंत क्रेन से उठवा लिया जाएगा।






पाठकों की राय