Drug Bust Ghaziabad: ऑपरेशन प्रहार के तहत एक करोड़ की स्मैक के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, कथित महिला सरगना भी शामिल
रिपोर्ट: अजीत कुमार
गाजियाबाद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर डीएलएफ शालीमार गार्डन क्षेत्र में चेकिंग के दौरान की। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की 969 ग्राम अवैध स्मैक, 860 पुड़िया और स्मैक की बिक्री से प्राप्त 1 लाख 74 हजार 990 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पीली धातु की तीन अंगूठियां और अलग-अलग कंपनियों के चार मोबाइल फोन भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आर्यन, ईमामुद्दीन, इमरान और समीना के रूप में हुई है। पुलिस ने समीना को इस गिरोह की कथित महिला सरगना बताया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान नशे की खरीद और बिक्री से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि समीना दिल्ली से चोरी-छिपे स्मैक खरीदकर लाती थी और इसके बाद अन्य आरोपियों को आसपास के क्षेत्रों में बिक्री के लिए उपलब्ध कराती थी। आरोपी स्मैक को छोटी-छोटी सफेद पॉलीथिन में भरकर पुड़िया तैयार करते थे। इन पुड़ियों को नशा करने वाले लोगों को 300 से 400 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचा जाता था। पुलिस के मुताबिक, बरामद की गई 860 पुड़िया इसी अवैध कारोबार से जुड़ी थीं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस ने जो 1 लाख 74 हजार 990 रुपये नकद बरामद किए हैं, वे स्मैक की बिक्री से प्राप्त हुए थे। वहीं, बरामद तीन अंगूठियां भी इसी कमाई से खरीदे जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर आरोपियों के नेटवर्क तथा नशे की खरीद-बिक्री से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए किराये के मकान और फ्लैट में रहते थे तथा हर एक-दो महीने में अपना ठिकाना बदल लेते थे। जिस फ्लैट से पुलिस ने चारों को गिरफ्तार किया, उसे भी करीब एक महीने पहले किराये पर लिया गया था। पुलिस का मानना है कि ठिकाने बदलने का तरीका उनकी गतिविधियों को छिपाने की कोशिश का हिस्सा था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना शालीमार गार्डन में चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी स्मैक कहां से खरीदते थे और आसपास के किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।





