Sunday, 1 November 2026निष्पक्ष खबरें • बेबाक नज़रिया
TOP STORY
THE COMPLETE NEWSROOMखबर पूरी। नज़रिया साफ़।भारत से आपके शहर तक
▤ ई-पेपर पढ़ें ↗
BREAKING NEWS
Greater Noida: जलभराव और जर्जर सड़कों से परेशान लोगों ने निकाला पैदल मार्च, बोले- सड़क नहीं तो वोट नहींNoida Job Fair: नोएडा के दनकौर में रोजगार मेले का आयोजन, युवाओं को पांच लाख रुपये से अधिक पैकेज पाने का मौकाUPSSSC PET Exam 2026: नोएडा में पीईटी परीक्षा में 9,008 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, 19,840 हुए शामिलNoida Sector: नोएडा में ट्रैक्टर की टक्कर से घायल बाइक सवार की अस्पताल में मौत, सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांगDelhi Pollution Control BS4 Commercial Vehicles Banned At Noida Border: प्रदूषण रोकने के लिए नोएडा बॉर्डर पर सख्ती, पहले दिन सैकड़ों व्यावसायिक वाहनों को लौटायाNoida Police Encounter 50000 Bounty Shooter Aman Tyagi Killed: नोएडा पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी शूटर अमन त्यागी ढेर, दो पुलिसकर्मी घायलNoida Police Coordination Preeti Yadav DD RWA MSME Delegation Security Meet: डीडी आरडब्ल्यूए और एमएसएमई प्रतिनिधिमंडल ने नए डीसीपी से की मुलाकात, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चाRecovery Action: 77 करोड़ रुपये से अधिक बकाया जमा नहीं करने पर उत्तम स्टील्स के डायरेक्टर बंटी गिरफ्तार

Chandigarh Development Projects: केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने चंडीगढ़ में लगभग ₹258 करोड़ की नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया

Chandigarh Development Projects: केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने चंडीगढ़ में लगभग ₹258 करोड़ की नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया

शिक्षा, सार्वजनिक परिवहन, आवास, खेल और सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती

रिपोर्ट : कोमल रमोला
चंडीगढ़, 1 नवंबर, : माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया की उपस्थिति में सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में लगभग ₹258 करोड़ की नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें लगभग ₹80 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई दो परियोजनाओं का उद्घाटन तथा ₹178 करोड़ की अनुमानित लागत वाली सात परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर चंडीगढ़ के महापौर श्री सौरभ जोशी और राज्यसभा सांसद सरदार सतनाम सिंह संधू भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री हिरियाडका राजेश प्रसाद ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि श्री अमित शाह तथा अन्य गणमान्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और चंडीगढ़ के निवासियों के लिए सुविधाओं के विस्तार में इन परियोजनाओं के महत्व को रेखांकित किया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री गुलाब चंद कटारिया ने शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य सेवाओं, सार्वजनिक परिवहन और शहरी बुनियादी ढांचे में चंडीगढ़ की प्रगति के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, हरित आवरण और डिजिटल सुशासन के क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया तथा चंडीगढ़ को स्वच्छ, हरित, सुरक्षित, समावेशी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शहर बनाने के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

अपने संबोधन में श्री अमित शाह ने चंडीगढ़ के स्थापना दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शहर के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। चंडीगढ़ की विशिष्ट पहचान तथा पंजाब और हरियाणा के साथ इसके जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे देश की अग्रणी प्रशासनिक इकाई बनाने के संकल्प को दोहराया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि चंडीगढ़ के निवासियों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों पर राहत की घोषणा प्रशासक द्वारा शीघ्र की जाएगी। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ मामले कई दशकों से अनसुलझे रहे हैं।

श्री अमित शाह ने लगभग ₹12 करोड़ की लागत से निर्मित सारंगपुर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय का उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र में सरकारी स्कूली शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने लगभग ₹68 करोड़ की लागत से विकसित रायपुर कलां स्थित चंडीगढ़ परिवहन उपक्रम के डिपो-सह-कार्यशाला का भी उद्घाटन किया, जिससे बसों के संचालन और रखरखाव की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री ने निम्नलिखित सात परियोजनाओं का शिलान्यास किया:

1. चंडीगढ़ सशस्त्र पुलिस परिसर, धनास में 192 टाइप-III आवास — लगभग ₹84 करोड़: इस परियोजना से पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा।
2. पीजीआईएमईआर और पंजाब विश्वविद्यालय को जोड़ने वाला पैदल यात्री भूमिगत मार्ग — लगभग ₹12 करोड़: यह मार्ग दोनों संस्थानों के बीच व्यस्त सड़क को पार करने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेगा।
3. चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सेक्टर-26 में छात्रावास — लगभग ₹25 करोड़: इस सुविधा से छात्रों के लिए आवासीय व्यवस्था का विस्तार होगा।
4. स्नातकोत्तर राजकीय महाविद्यालय, सेक्टर-46 में व्यायामशाला हॉल — लगभग ₹11 करोड़: इस परियोजना से इनडोर खेलों और शारीरिक फिटनेस की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
5. सेक्टर-7 स्थित खेल परिसर का उन्नयन — लगभग ₹20 करोड़: इन कार्यों से खेल संबंधी बुनियादी ढांचे और खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं में सुधार होगा।
6. सेक्टर-49 में पुलिस थाना — लगभग ₹21 करोड़: नए भवन से पुलिस कार्यप्रणाली और जनसेवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
7. पंद्रह स्थायी सुरक्षा जांच चौकियां — लगभग ₹5 करोड़: शहर के प्रवेश एवं सीमावर्ती स्थानों पर बनने वाली ये सुविधाएं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगी।

इससे पहले दिन में केंद्रीय गृह मंत्री ने सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस में चंडीगढ़ पुलिस के हीरक जयंती स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल को प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान किया और 141 नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस सम्मान को छह दशकों की सेवा, समर्पण और नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता की पहचान बताया तथा चंडीगढ़ पुलिस की नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग पहलों की सराहना की।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया

Avatar photo
संवाददाता

Priyanka Singh

संबंधित खबरें