Noida Student Assault: दोस्त को बात बताने पर नाराज युवक ने छात्रा को थप्पड़ मारकर कार से उतारा, केस दर्ज
नोएडा में दोस्त को एक युवक की बातों के बारे में बताना एक छात्रा को भारी पड़ गया। आरोप है कि इससे नाराज युवक ने छात्रा को रात में मिलने के लिए बुलाया, वहां उसके साथ गाली-गलौज की, चेहरे पर थप्पड़ मारा और विरोध करने पर हाथ पकड़कर जबरन कार से नीचे उतार दिया। पीड़िता ने सेक्टर-126 थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सलोनी कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एशियन कॉलेज की छात्रा हैं और सेक्टर-126 में हॉस्टल में रहती हैं। उनकी दोस्ती रितिक नाम के युवक से है। रितिक का दोस्त नवीन भाटी ग्रेटर नोएडा में रहता है और एयर पीएनबी का कारोबार करता है। सलोनी के मुताबिक चार नवंबर को नवीन उनके कमरे पर आया और अपने कारोबार समेत दूसरी बातों के बारे में बताया।
शिकायत के अनुसार सलोनी ने यह बातचीत अपने दोस्त रितिक को बता दी और रितिक ने यह बात अपनी बहन रितिका को बता दी। इससे नवीन नाराज हो गया और उसने फोन पर सलोनी को गालियां दीं। आरोप है कि नवीन ने छह नवंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे सलोनी और रितिक को एचसीएल गेट नंबर-दो के पास बातचीत के लिए बुलाया, जहां उसने सलोनी को थप्पड़ मारा, हाथ पकड़कर कार से नीचे उतार दिया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि उसके मोबाइल में आरोपी की गाली-गलौज की रिकॉर्डिंग मौजूद है। थाना पुलिस ने नवीन भाटी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






पाठकों की राय